अपराधइंदौरटेक्नोलॉजीभोपालमध्य प्रदेशरीवा

रतहरा से चौरहटा तक बन रही करोड़ों की सड़क पहली बारिश में बही 500 करोड़ के प्रोजेक्ट पर उठे सवाल, KCC कंपनी के निर्माण कार्य की खुली पोल

रीवा। जिले में रतहरा से चौरहटा तक बन रही करोड़ों रुपये की सड़क परियोजना पहली ही बारिश में सवालों के घेरे में आ गई है। लगभग 500 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किए जा रहे इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट में निर्माण गुणवत्ता को लेकर लंबे समय से शिकायतें सामने आ रही थीं लेकिन जिम्मेदार विभागों की कमजोर मॉनिटरिंग और कार्रवाई के अभाव में अब पहली बारिश ने पूरे निर्माण कार्य की हकीकत उजागर कर दी है।

बारिश के बाद सामने आई तस्वीरों में सड़क के किनारों पर भारी कटाव, मिट्टी धंसने और कलवर्टों के दोनों ओर सड़क बैठने की स्थिति साफ दिखाई दे रही है। कई स्थानों पर सड़क के नीचे की मिट्टी बह जाने से सड़क का हिस्सा हवा में लटका नजर आ रहा है। वहीं अन्य जगहों पर गहरी दरारें और कटाव निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण के दौरान पर्याप्त कंपेक्शन और गुणवत्ता मानकों का पालन नहीं किया गया। यही कारण है कि पहली ही बारिश में सड़क की परतें कमजोर पड़ गईं और कई स्थानों पर धंसाव की स्थिति बन गई। बताया जा रहा है कि पूरे 19 किलोमीटर मार्ग में जगह-जगह सड़क बैठने और किनारों के टूटने की शिकायतें सामने आई हैं। सबसे अधिक नुकसान कलवर्टों के आसपास देखा गया है जहां मिट्टी का कटाव होने से सड़क की मजबूती पर खतरा मंडरा रहा है।

ग्रामीणों और वाहन चालकों का कहना है कि निर्माण एजेंसी KCC कंपनी अपनी कमियों को छिपाने के लिए कई स्थानों पर राखड़ और मिट्टी डालकर गड्ढों को अस्थायी रूप से भरने का प्रयास कर रही है ताकि वास्तविक स्थिति लोगों के सामने न आ सके। लेकिन बारिश के बाद सामने आई तस्वीरों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता की पोल खोल दी है।

क्षेत्रवासियों ने मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषी अधिकारियों और निर्माण एजेंसी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद यदि सड़क पहली ही बारिश में बहने और धंसने लगे तो यह सरकारी धन की बर्बादी के साथ-साथ जनता की सुरक्षा से भी खिलवाड़ है।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Discover more from Media Auditor

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue Reading

%d