राहुल गांधी ने हाई कोर्ट में जताया खेद, शिवराज के बेटे मानहानि केस पर सुनवाई आज

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश हाई कोर्ट की जबलपुर बेंच में याचिका दायर कर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के बेटे कार्तिकेय सिंह चौहान से जुड़े कथित मानहानिपूर्ण बयान पर खेद व्यक्त किया है। यह मामला 2018 के विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान दिए गए एक भाषण से जुड़ा है। हाई कोर्ट में गुरुवार को इस याचिका पर सुनवाई होनी है।
कार्तिकेय चौहान ने दर्ज कराई थी मानहानि की शिकायत
कार्तिकेय सिंह चौहान ने राहुल गांधी के खिलाफ भोपाल की सांसद-विधायक विशेष अदालत में मानहानि की शिकायत दर्ज कराई थी। उनका आरोप है कि झाबुआ की एक चुनावी रैली में राहुल गांधी ने पनामा पेपर्स लीक मामले का जिक्र करते हुए उनका नाम लिया, जिससे उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा। शिकायत पर सुनवाई करते हुए विशेष अदालत ने राहुल गांधी को व्यक्तिगत रूप से पेश होने के लिए समन जारी किया था।
राहुल गांधी ने बताई नाम लेने की वजह
हाई कोर्ट में दाखिल याचिका में राहुल गांधी ने कहा है कि उनका बयान कार्तिकेय सिंह चौहान को लेकर नहीं था। उन्होंने दलील दी कि भाषण के दौरान भ्रम की स्थिति में गलती से कार्तिकेय का नाम लिया गया था। उन्होंने यह भी कहा कि अगले ही दिन उन्होंने सार्वजनिक रूप से स्पष्ट कर दिया था कि उनका आशय छत्तीसगढ़ के तत्कालीन मुख्यमंत्री रमन सिंह के बेटे अभिषेक सिंह से था, लेकिन नाम लेने में त्रुटि हो गई थी।
हाई कोर्ट में आज होगी अहम सुनवाई
हाई कोर्ट के निर्देश पर शिकायतकर्ता कार्तिकेय सिंह चौहान ने निचली अदालत का रिकॉर्ड भी पेश कर दिया है। शिकायतकर्ता की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता संकल्प कोचर अदालत में पक्ष रख रहे हैं। अब न्यायालय इस बात पर विचार करेगा कि राहुल गांधी की याचिका स्वीकार की जाए या मानहानि का मुकदमा निचली अदालत में आगे बढ़े।





