राम मंदिर मामले में AAP सांसद संजय सिंह को SIT का समन, दस्तावेज सौंपने का दावा

राम मंदिर से जुड़े कथित चढ़ावा और जमीन खरीद मामले में आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह को विशेष जांच दल (SIT) ने तलब किया है। गुरुवार सुबह 11 बजे उन्हें लखनऊ स्थित मंडलायुक्त कार्यालय में बुलाया गया है, जहां वह अपने पास मौजूद दस्तावेज और कथित सबूत जांच टीम को सौंपेंगे। इसकी जानकारी खुद संजय सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साझा की।
बोले- मेरे पास कई अहम दस्तावेज हैं
संजय सिंह ने अपने वीडियो संदेश में कहा कि उन्होंने पहले भी SIT से मिलने के लिए समय मांगा था और अब वह जांच टीम के सामने उपस्थित होकर मंदिर में चढ़ावे की कथित अनियमितताओं, जमीन खरीद और चंदे से जुड़े दस्तावेज उपलब्ध कराएंगे। उन्होंने कहा कि उनके पास कई महत्वपूर्ण कागजात हैं, जिन्हें वह जांच के लिए सौंपेंगे।
चंपत राय और ट्रस्ट पर लगाए गंभीर आरोप
संजय सिंह लगातार इस मामले को लेकर सरकार और राम मंदिर ट्रस्ट पर सवाल उठाते रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि कम कीमत वाली जमीनें कई गुना अधिक दाम पर खरीदी गईं। सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने आरोप लगाया कि करोड़ों रुपये की जमीन ऊंचे दामों पर खरीदी गई और इस संबंध में उनके पास सभी दस्तावेज मौजूद हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मामले में जिम्मेदार लोगों पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
SIT ने प्रारंभिक रिपोर्ट सरकार को सौंपी
उत्तर प्रदेश सरकार ने 13 जून को इस पूरे मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय SIT का गठन किया था। जांच टीम अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट सरकार को सौंप चुकी है, जबकि अंतिम रिपोर्ट अगले 10 से 15 दिनों में प्रस्तुत किए जाने की संभावना है। अब संजय सिंह द्वारा सौंपे जाने वाले दस्तावेजों के बाद जांच को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।





