हल्की खरोंच के विवाद में ट्रक चालक का पीछा, जियो पेट्रोल पंप कर्मचारियों पर दबंगई के आरोप

रीवा। जिले के रतहरा स्थित जांकी फिलिंग पेट्रोलियम (जियो पेट्रोल पंप) के पास एक कार में आई मामूली खरोंच को लेकर शुरू हुआ विवाद उस समय तूल पकड़ गया जब पेट्रोल पंप के कर्मचारियों और संचालक के रिश्तेदारों पर एक ट्रक चालक का कई किलोमीटर तक पीछा करने तथा उसे रास्ते में रोककर दबाव बनाने के आरोप लगे। घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
जानकारी के अनुसार रतहरा स्थित जानकी फिलिंग पेट्रोलियम के समीप एक ट्रक और कार के बीच हल्की खरोंच लगने की बात सामने आई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना के बाद कानूनी प्रक्रिया अपनाने के बजाय कुछ लोगों ने स्वयं कार्रवाई करने का प्रयास किया। आरोप है कि जांकी फिलिंग पेट्रोलियम के कुछ कर्मचारी और पेट्रोल पंप संचालक के रिश्तेदार ट्रक का पीछा करते हुए रतहरा से हरिहरपुर तक पहुंच गए।
बताया जा रहा है कि इस दौरान कई लोग पेट्रोल पंप की वर्दी पहने हुए थे और उन्होंने ट्रक चालक को बीच रास्ते में रोकने का प्रयास किया। स्थानीय लोगों का कहना है कि चालक को घेरकर उस पर दबाव बनाया गया तथा विवाद को बढ़ाने का प्रयास किया गया। सड़क पर काफी देर तक हंगामे जैसी स्थिति बनी रही जिससे राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब कुछ स्थानीय नागरिकों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराने का प्रयास किया, तब संबंधित लोगों द्वारा उनके साथ भी अभद्रता की गई। लोगों का आरोप है कि विवाद को सुलझाने के बजाय कुछ व्यक्तियों ने आक्रामक रवैया अपनाया जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि किसी वाहन से दुर्घटना या नुकसान होता है तो उसके लिए कानून में स्पष्ट प्रक्रिया निर्धारित है। संबंधित वाहन के विरुद्ध पुलिस में शिकायत दर्ज कराई जाती है और उसके बाद पुलिस मामले की जांच करती है। लेकिन इस मामले में कथित रूप से कानून को हाथ में लेने जैसी स्थिति देखने को मिली।
घटना के दौरान मौजूद लोगों के अनुसार ट्रक चालक को दर्जनों लोगों ने घेर लिया था, जिससे वह भय और दबाव की स्थिति में दिखाई दिया। वहीं कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि पूरे घटनाक्रम के दौरान आम लोगों को भी अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ा।
समाचार लिखे जाने तक मामले में किसी पक्ष द्वारा आधिकारिक शिकायत दर्ज कराए जाने की पुष्टि नहीं हो सकी थी। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर तथ्यों के आधार पर जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
क्षेत्रीय नागरिकों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा जानकी फिलिंग पेट्रोलियम के कर्मचारियों एवं अन्य संबंधित लोगों की भूमिका की जांच कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की है। साथ ही लोगों ने कहा कि किसी भी विवाद का समाधान कानून और पुलिस की निर्धारित प्रक्रिया के तहत ही होना चाहिए ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।





