एक छात्र के सवाल पर बड़ा ऐलान, 15 जुलाई तक लॉन्च होगी नई IRCTC वेबसाइट

रेल यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। ट्रेन टिकट बुकिंग के दौरान आने वाली परेशानियों को दूर करने के लिए भारतीय रेलवे जल्द ही IRCTC की नई वेबसाइट लॉन्च करने जा रहा है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने घोषणा की है कि 15 जुलाई तक नई और बेहतर IRCTC वेबसाइट लोगों के लिए उपलब्ध करा दी जाएगी।
यह घोषणा जयपुर स्थित मालवीय नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (MNIT) में छात्रों के साथ संवाद कार्यक्रम के दौरान हुई। कार्यक्रम में एक छात्र ने रेल मंत्री से IRCTC वेबसाइट पर आने वाली कैप्चा और टिकट बुकिंग संबंधी समस्याओं का मुद्दा उठाया। छात्र ने कहा कि टिकट बुकिंग के समय कैप्चा, वेबसाइट के धीमे चलने और तकनीकी दिक्कतों के कारण यात्रियों को काफी परेशानी होती है।
छात्र की शिकायत सुनने के बाद अश्विनी वैष्णव ने मौके पर ही संबंधित अधिकारी से फोन पर बात की और पूछा कि क्या 30 दिनों के भीतर नई वेबसाइट तैयार की जा सकती है। इसके बाद उन्होंने छात्रों को आश्वस्त करते हुए कहा कि 15 जुलाई तक नई IRCTC वेबसाइट लॉन्च कर दी जाएगी। मंत्री के इस ऐलान का छात्रों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्वागत किया।
दरअसल, लंबे समय से IRCTC यूजर्स टिकट बुकिंग के दौरान वेबसाइट क्रैश, आउटेज, बार-बार लॉगआउट, सेशन समाप्त होने, पेमेंट फेल होने और OTP से जुड़ी समस्याओं का सामना कर रहे हैं। खासकर तत्काल टिकट बुकिंग के समय भारी ट्रैफिक के कारण वेबसाइट पर दबाव बढ़ जाता है, जिससे यात्रियों को काफी मुश्किलें होती हैं।
सरकार पहले भी IRCTC प्लेटफॉर्म को सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए कदम उठा चुकी है। पिछले वर्ष केंद्र सरकार ने लगभग 2.5 करोड़ संदिग्ध और निष्क्रिय यूजर आईडी को डीएक्टिवेट किया था, ताकि बॉट्स और अनधिकृत एजेंटों की गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके।
कार्यक्रम के दौरान रेल मंत्री ने MNIT में एडवांस्ड क्वांटम कंप्यूटिंग एवं क्वांटम कम्युनिकेशन लैब स्थापित करने की भी घोषणा की। इसके अलावा संस्थान में AI लैब और मेकर्स लैब शुरू करने का ऐलान किया गया। उन्होंने कहा कि वर्तमान तकनीकी क्रांति जहां आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर आधारित है, वहीं आने वाले समय में क्वांटम टेक्नोलॉजी दुनिया की अगली बड़ी तकनीकी लहर साबित होगी।





