NEET पेपर लीक पर CJP का प्रदर्शन जारी, व्हाइटबोर्ड पर लिखा इस्तीफे का संदेश

NEET पेपर लीक और प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का प्रदर्शन लगातार छठे दिन भी जारी रहा। दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरने पर बैठे CJP संस्थापक अभिजीत दीपके ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के जन्मदिन के मौके पर एक अलग अंदाज में विरोध दर्ज कराया। उन्होंने व्हाइटबोर्ड पर “Happy Birthday Dharmendra Pradhan, Please Resign” लिखकर शिक्षा मंत्री से इस्तीफे की मांग की।
सोशल मीडिया पर साझा किया वीडियो
अभिजीत दीपके ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा किया। वीडियो में वह व्हाइटबोर्ड पर संदेश लिखने के बाद कहते हैं, “धर्मेंद्र प्रधान जी, आपको जन्मदिन की बहुत-बहुत शुभकामनाएं। जन्मदिन के उपहार के रूप में हम आपको इस्तीफा पत्र भेज रहे हैं, आपको बस उस पर अपना अंगूठा लगाना है।” इस दौरान उनके समर्थक भी उनके साथ मौजूद रहे और प्रदर्शन में भाग लेते दिखाई दिए।
शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग
कॉकरोच जनता पार्टी का कहना है कि NEET पेपर लीक और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों ने छात्रों का भविष्य प्रभावित किया है। पार्टी की मांग है कि शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार किए जाएं और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दें। CJP का दावा है कि जब तक इस्तीफा नहीं दिया जाएगा, तब तक जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।
सरकार और सोशल मीडिया कार्रवाई पर उठाए सवाल
प्रदर्शन के पांचवें दिन अभिजीत दीपके ने पार्टी के सोशल मीडिया अकाउंट ब्लॉक किए जाने पर भी सवाल उठाए थे। उनका आरोप था कि अधिकारियों ने कार्रवाई के कारणों की जानकारी देने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा, “जब हर चीज को गोपनीय बताया जा रहा है, तो फिर NEET का पेपर गोपनीय क्यों नहीं रखा जा सका?” दीपके ने यह भी कहा कि पेपर लीक की घटनाओं ने कई छात्रों को गंभीर मानसिक संकट में डाल दिया और शिक्षा व्यवस्था पर लोगों का भरोसा कमजोर हुआ है।





