राष्ट्रीय

ओमान हमले में मारे गए आदित्य शर्मा को आज दी जाएगी अंतिम विदाई

ओमान तट के पास हुए हमले में जान गंवाने वाले हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के भालू गांव निवासी 23 वर्षीय मर्चेंट नेवी डेक कैडेट आदित्य शर्मा के पार्थिव शरीर का गुरुवार को पोस्टमार्टम किया गया। डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल हमीरपुर में दो डॉक्टरों की टीम ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत पोस्टमार्टम पूरा किया। औपचारिकताएं पूरी होने के बाद पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांव भालू ले जाया गया, जहां पूरे सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। आदित्य के निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर गंभीर चोटों के निशान

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट में आदित्य शर्मा के सिर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं। अस्पताल में पोस्टमार्टम के दौरान परिजन भी मौजूद रहे। इसके बाद पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए गांव ले जाया गया। स्थानीय लोगों और क्षेत्रवासियों में अपने होनहार युवा को खोने का गहरा दुख है। बड़ी संख्या में लोग अंतिम दर्शन के लिए गांव पहुंच रहे हैं।

बेटे का शव देखकर टूट गया परिवार

आदित्य शर्मा अपने परिवार की उम्मीदों का सबसे बड़ा सहारा थे। जवान बेटे का पार्थिव शरीर देखकर मां का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता ने भी भावुक होकर कहा कि उन्होंने अपने इकलौते बेटे की बारात निकालने के सपने देखे थे, लेकिन अब उन्हें उसकी अंतिम विदाई देखनी पड़ रही है। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे गांव में मातम का माहौल है।

ओमान तट के पास हमले में हुई थी मौत

जानकारी के अनुसार ओमान तट के पास एक ऑयल टैंकर पर हुए अमेरिकी हमले में आदित्य शर्मा समेत तीन भारतीय नाविकों की मौत हो गई थी। जहाज पर कुल 24 क्रू सदस्य सवार थे, जिनमें से 21 को सुरक्षित बचा लिया गया था, जबकि तीन भारतीय नाविक लापता हो गए थे। कई दिनों तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद आदित्य की मौत की पुष्टि हुई। आदित्य कम उम्र में ही मर्चेंट नेवी में अपनी पहचान बना चुके थे और उज्ज्वल भविष्य की ओर बढ़ रहे थे। स्थानीय प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Discover more from Media Auditor

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue Reading

%d