अपराधभोपालमध्य प्रदेशरीवा

रीवा में गांजा-कोरेक्स तस्करी पर डिप्टी सीएम का तीखा प्रहार, IG से पूछा ! क्या कोरेक्स बिकना बंद हो गई? फरार आदित्य उर्फ सावरिया सेठ का मामला भी गरमाया, नशे के नेटवर्क पर कार्रवाई को लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

रीवा । रीवा में गांजा और कोरेक्स के कथित अवैध कारोबार को लेकर एक बार फिर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। नशे के खिलाफ कार्रवाई और उसकी जमीनी हकीकत को लेकर उप मुख्यमंत्री का तीखा अंदाज चर्चा का विषय बन गया। समीक्षा के दौरान उन्होंने IG रीवा से सीधे सवाल किया IG साहब! रीवा में कोरेक्स बिकना बंद हो गई है क्या? गांजा तस्करी पर पूरी तरह लगाम लग गई है क्या? इतना ही नहीं, फरार आरोपी आदित्य को लेकर भी सवाल उठाया आदित्य का क्या हुआ, पकड़ा गया क्या?

उप मुख्यमंत्री के इन सवालों ने नशे के कारोबार के खिलाफ चल रही कार्रवाई, पुलिस के दावों और तस्करी के नेटवर्क पर एक नई बहस छेड़ दी है। सवाल साफ है—अगर नशे के खिलाफ लगातार कार्रवाई हो रही है, तो क्या उसका असर जमीन पर भी दिखाई दे रहा है? क्या अवैध कारोबार की जड़ तक पहुंचा जा रहा है या कार्रवाई कुछ आरोपियों की गिरफ्तारी तक ही सीमित है?

विकास की रफ्तार के बीच नशे का कारोबार बड़ी चुनौती

रीवा में विकास कार्यों को गति देने के साथ कानून-व्यवस्था और युवाओं के भविष्य की सुरक्षा भी बड़ी जिम्मेदारी है। ऐसे में गांजा और कोरेक्स की कथित तस्करी को लेकर उठे सवालों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। नशे का अवैध कारोबार केवल कानून-व्यवस्था का मामला नहीं, बल्कि सामाजिक भविष्य से जुड़ी गंभीर चुनौती है।

स्थानीय स्तर पर नशे की समस्या को लेकर चिंता जताई जा रही है। लोगों की अपेक्षा है कि पुलिस केवल छोटे स्तर पर नशे की बिक्री करने वालों के खिलाफ कार्रवाई न करे, बल्कि उन लोगों तक भी पहुंचे जो कथित तौर पर इस कारोबार को संचालित करते हैं। तस्करी के स्रोत, सप्लाई चेन और आर्थिक नेटवर्क की जांच के बिना इस समस्या पर स्थायी रोक लगाना मुश्किल हो सकता है।

ब्राउन शुगर की कार्रवाई के बाद भी सवाल बरकरार

सूत्रों के हवाले से रीवा में ब्राउन शुगर के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की चर्चा के बावजूद तस्करी के नेटवर्क को लेकर सवाल बने हुए हैं। हालांकि, बड़े कारोबारियों तक पुलिस की पहुंच और आगे की कार्रवाई के संबंध में आधिकारिक जानकारी सामने आना जरूरी है। ऐसे मामलों में गिरफ्तारी, जब्ती और जांच की प्रगति ही कार्रवाई के वास्तविक परिणामों की तस्वीर स्पष्ट कर सकती है।

आदित्य उर्फ सावरिया सेठ का मामला फिर चर्चा में

नशे के कारोबार से जुड़े सवालों के बीच फरार आरोपी आदित्य मिश्रा उर्फ सावरिया सेठ का मामला भी प्रमुखता से उठ रहा है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, आरोपी हनुमना क्षेत्र का निवासी बताया जाता है और उसे ओडिशा के कंधमाल जिले में NDPS मामले में गिरफ्तार किया गया था।

बताया जाता है कि ओडिशा पुलिस आरोपी को रीवा न्यायालय में पेशी के लिए लेकर आ रही थी। इसी दौरान रीवा-सीधी सीमा के छुहिया घाटी क्षेत्र में हथियारबंद बदमाशों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया और आरोपी को कथित तौर पर छुड़ाकर फरार हो गए। इस घटना ने पुलिस सुरक्षा व्यवस्था और आरोपी को छुड़ाने वाले नेटवर्क की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े किए थे।

अब जवाब और कार्रवाई, दोनों पर नजर

उप मुख्यमंत्री के सीधे सवालों के बाद अब निगाहें पुलिस की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं। क्या कोरेक्स और गांजा तस्करी के नेटवर्क पर प्रभावी प्रहार होगा?

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Discover more from Media Auditor

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue Reading

%d