अपराध

सिरसा की सुबह बना खूनी मंजर, पति ने शक में दरांती से की पत्नी की हत्या

हरियाणा के सिरसा जिले के नथूसरी चौपटा ब्लॉक के गांव रामपुरा ढिल्लों में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पति ने अपनी ही पत्नी की दरांती से गला काटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी पति रोहताश ने खुद 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी और घर के बाहर गली में बैठ गया। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो खून से लथपथ पत्नी माया देवी की लाश खाट पर पड़ी हुई थी और आरोपी बाहर बैठा था। पूछताछ में आरोपी ने कहा, “मुझे कोई पछतावा नहीं है। ये तो एक दिन होना ही था। आंखें बंद करके वार कर दिया।”

माया देवी और रोहताश की शादी को 20 साल हो चुके थे। दोनों के दो बेटे हैं। लेकिन पुलिस की शुरुआती जांच में जो वजह सामने आई वह बेहद चौंकाने वाली है। बताया जा रहा है कि रोहताश को पत्नी के चरित्र पर शक था। इसी शक के चलते उसने यह खौफनाक कदम उठाया। शुक्रवार रात दोनों ने साथ में खाना खाया और फिर सो गए। शनिवार तड़के करीब 4 बजे जब माया देवी खाट पर सो रही थीं तब रोहताश ने दरांती से उनके गले पर 3 से 4 बार वार कर दिए। मौके पर ही माया की मौत हो गई।

सिरसा की सुबह बना खूनी मंजर, पति ने शक में दरांती से की पत्नी की हत्या

बेटे नहीं थे घर पर, आरोपी ने खुद कबूला जुर्म

हत्या के वक्त घर में पति-पत्नी के अलावा कोई नहीं था। आरोपी का बड़ा बेटा 19 साल का है और राजस्थान के हनुमानगढ़ स्थित गोगामेड़ी मंदिर पर प्रसाद की दुकान चलाता है। घटना के समय वह वहीं था। छोटा बेटा 17 साल का है और वह अपनी मौसी के घर गया हुआ था। दोनों बेटे जब घर नहीं थे तभी आरोपी ने पत्नी की हत्या कर दी। घटना के तुरंत बाद रोहताश ने 112 पर कॉल कर पुलिस को बताया कि उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है और लाश घर में पड़ी है। करीब 5 बजे पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिरसा के सिविल अस्पताल भिजवाया गया।

गांव में फैली सनसनी, जांच में जुटी पुलिस

इस घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। माया देवी के परिजन भी मौके पर पहुंचे। वहीं, आरोपी को पुलिस ने मौके से ही गिरफ्तार कर लिया और पूछताछ शुरू कर दी है। आरोपी एक रेत-बजरी की दुकान पर दिहाड़ी मजदूरी करता था और गांव में सामान्य जीवन जीता था। लेकिन मन में पल रहा शक इतना बड़ा हो गया कि उसने अपनी पत्नी की जान ले ली। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। साथ ही परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button