राष्ट्रीय

चिकन-अंडे की कीमतों में आएगा उछाल? 5000 मुर्गीपालक क्यों कर रहे हैं हड़ताल

Karnataka Poultry Farmers Strike को लेकर कर्नाटक में बड़ा मामला सामने आया है। राज्य के करीब 5000 मुर्गीपालक किसानों ने 25 नवंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी है। अगर किसानों की मांगें पूरी नहीं हुईं तो राज्यभर में चिकन और अंडों की सप्लाई बंद हो सकती है। इससे आम लोगों की परेशानी बढ़ने के साथ बाजार में भी असर देखने को मिल सकता है।

कर्नाटक के दो बड़े मुर्गीपालक संगठनों ने मिलकर विधानसभा चलो विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया है। इस प्रदर्शन में करीब 5000 किसानों के शामिल होने की उम्मीद जताई जा रही है। किसानों का कहना है कि सरकार ने करीब छह महीने पहले मुर्गियों के पालन की न्यूनतम लागत 10 रुपये प्रति किलो तय करने का आदेश दिया था। लेकिन इंटीग्रेशन कंपनियां अभी तक इस आदेश को लागू नहीं कर रही हैं।

कर्नाटक स्टेट पोल्ट्री फार्मर्स वेलफेयर एंड डेवलपमेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष यशवंत टी के मुताबिक किसानों ने इस मामले में कई बार सरकार और कंपनियों से बात की है। मुख्यमंत्री पशुपालन मंत्री और विधायकों के सामने भी अपनी मांग रखी गई है। इसके बावजूद अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है।

किसानों ने साफ कहा है कि अगर 25 नवंबर तक उनकी मांगें पूरी नहीं होती हैं तो शाम 5 बजे से चूजों की खरीद और बिक्री के साथ अंडे और चिकन की सप्लाई बंद कर दी जाएगी। यह हड़ताल तब तक जारी रहेगी जब तक सरकार उनकी समस्याओं का समाधान नहीं करती।

किसानों का आरोप है कि कंपनियां सरकारी आदेश लागू करने से बच रही हैं और अलग अलग बहाने बना रही हैं। उनका कहना है कि सरकार को कंपनियों का साथ देने के बजाय किसानों के हितों की रक्षा करनी चाहिए।

इसके अलावा मुर्गीपालकों ने पालन की वास्तविक लागत तय करने के लिए विशेषज्ञों की कमेटी बनाने की मांग भी की है। किसान कर्नाटक पोल्ट्री रेगुलेशन एंड डेवलपमेंट बिल 2022 को लागू करने और पोल्ट्री फार्मिंग को खेती का दर्जा देने की मांग कर रहे हैं।

वहीं दूसरी तरफ अंडों की कीमतों में अचानक 7 रुपये 50 पैसे की बढ़ोतरी होने की खबर से लोगों की चिंता बढ़ गई है। अगर हड़ताल लंबी चलती है तो चिकन और अंडों की उपलब्धता पर असर पड़ सकता है। हालांकि कीमतों में कितनी बढ़ोतरी होगी यह अभी साफ नहीं है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button