
रीवा। विंध्य क्षेत्र में नशे के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी और निर्णायक कार्रवाई सामने आई है। रीवा संभाग पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के नेटवर्क पर करारा प्रहार करते हुए करोड़ों रुपये मूल्य के गांजा और स्मैक को एक साथ नष्ट कर दिया। इस मादक पदार्थ नष्टीकरण अभियान ने न सिर्फ तस्करों की कमर तोड़ी है बल्कि पूरे इलाके में सख्त संदेश भी दे दिया है कि अब नशे के कारोबार के लिए कोई जगह नहीं बचेगी।
22 अप्रैल 2026 को सतना जिले के प्रिज्म फैक्ट्री परिसर में कड़ी सुरक्षा और न्यायालयीन दिशा-निर्देशों के बीच यह बड़ी कार्रवाई अंजाम दी गई। यहां लगभग 1 करोड़ रुपये मूल्य का 10 क्विंटल 18 किलोग्राम गांजा और 20 ग्राम स्मैक को वैज्ञानिक तरीके से पूरी तरह नष्ट किया गया। पूरी प्रक्रिया के दौरान पारदर्शिता बनाए रखने के लिए वीडियोग्राफी दस्तावेजीकरण और अधिकारियों की निगरानी सुनिश्चित की गई।
यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक रीवा गौरव सिंह राजपूत के निर्देशन और उप पुलिस महानिरीक्षक हेमंत सिंह चौहान के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद रहकर हर चरण की निगरानी की जिससे यह सुनिश्चित हो सके कि नष्टीकरण प्रक्रिया पूरी तरह नियमों के अनुरूप हो।
जानकारी के अनुसार नष्ट किए गए ये मादक पदार्थ रीवा संभाग के पांच जिलों रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली और मऊगंज में दर्ज 84 अलग अलग मामलों में पुलिस द्वारा जब्त किए गए थे। लंबे समय से न्यायालय में लंबित इन प्रकरणों के निराकरण के बाद अब जाकर इन मादक पदार्थों को विधिवत समाप्त किया गया।
इस मौके पर पुलिस अधिकारियों ने दो टूक शब्दों में कहा कि नशे के अवैध कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लगातार अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि नशा सिर्फ अपराध को ही नहीं बढ़ाता बल्कि युवाओं के भविष्य को भी अंधकार में धकेल देता है इसलिए इस पर सख्ती बेहद जरूरी है।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक रीवा शैलेन्द्र सिंह चौहान, पुलिस अधीक्षक सतना हंसराज सिंह सहित अन्य जिलों के वरिष्ठ अधिकारी, राजपत्रित अधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। पूरे आयोजन को हाई अलर्ट मोड में रखा गया ताकि किसी भी प्रकार की चूक न हो सके।
पुलिस ने आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यदि कहीं भी नशे के कारोबार की भनक लगे तो तत्काल सूचना दें। आपकी एक सूचना कई जिंदगियां बचा सकती है।
रीवा संभाग पुलिस की यह कार्रवाई सिर्फ नष्टीकरण नहीं बल्कि नशे के खिलाफ एक निर्णायक जंग का ऐलान है। साफ है कि अब तस्करों के लिए विंध्य की धरती सुरक्षित नहीं रही कानून का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है और आने वाले दिनों में और भी बड़े खुलासे व कार्रवाइयों की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।





