भोपालमध्य प्रदेशरीवा

KCC कंपनी की लापरवाही से हादसों का खतरा! रतहरा-चोरहटा सड़क निर्माण में घटिया डायवर्सन से परेशान जनता

रीवा। जिले में रतहरा से चोरहटा तक बन रही सड़क अब आम लोगों के लिए परेशानी और खतरे का बड़ा कारण बनती जा रही है। सड़क निर्माण का जिम्मा संभाल रही KCC कंपनी पर भारी लापरवाही के आरोप लग रहे हैं। लगभग 19 किलोमीटर लंबे इस मार्ग में जगह-जगह बनाए गए अस्थायी और घटिया डायवर्सन आए दिन दुर्घटनाओं को न्योता दे रहे हैं। सबसे खराब स्थिति इटौरा क्षेत्र में देखी जा रही है जहां भारी ट्रैफिक और ओवरलोड वाहनों के कारण लोगों का सड़क पर निकलना तक मुश्किल हो गया है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि KCC कंपनी ने निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों की पूरी तरह अनदेखी की है। भारी वाहनों के लिए सुरक्षित डायवर्सन नहीं बनाए गए जिसके कारण ट्रेलर, हाईवा,ट्राक कार और डंपर जैसे वाहन संकरे और उबड़-खाबड़ रास्तों से गुजर रहे हैं। सड़क किनारे रहने वाले लोगों का कहना है कि दिनभर उड़ती धूल और जाम की स्थिति से उनका जीवन प्रभावित हो रहा है। कई बार छोटे वाहन और बाइक चालक डायवर्सन में फंसकर गिर चुके हैं।

इटौरा के ग्रामीणों ने बताया कि यहां की स्थिति सबसे ज्यादा भयावह है। सड़क निर्माण के चलते मुख्य मार्ग बाधित है, लेकिन वैकल्पिक रास्ते इतने खराब हैं कि पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है। स्कूल जाने वाले बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं रोज खतरे के बीच सड़क पार करने को मजबूर हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार कुछ दिन पहले एक महिला ट्रेलर की चपेट में आ गई थी जिसके बाद क्षेत्र में भारी नाराजगी देखने को मिली थी। लोगों का कहना है कि घटना के बाद भी KCC कंपनी और जिम्मेदार अधिकारियों ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया।

ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण स्थल पर न तो पर्याप्त चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं और न ही रात में रोशनी की कोई समुचित व्यवस्था है। कई जगह बड़े गड्ढे खुले पड़े हैं जिससे दुर्घटना का खतरा लगातार बना हुआ है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते व्यवस्था नहीं सुधारी गई तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है।

क्षेत्रीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि KCC कंपनी के कार्यों की जांच कराई जाए और निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षित एवं चौड़े डायवर्सन तैयार किए जाएं। साथ ही भारी वाहनों की आवाजाही नियंत्रित करने और संवेदनशील क्षेत्रों में ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की भी मांग उठाई गई है।

लोगों का कहना है कि करोड़ों रुपये की लागत से सड़क निर्माण किया जा रहा है, लेकिन जनता की सुरक्षा को पूरी तरह नजरअंदाज किया जा रहा है। सवाल यह है कि आखिर कब तक लोग अपनी जान जोखिम में डालकर इन खतरनाक रास्तों से गुजरने को मजबूर रहेंगे? फिलहाल रतहरा से चोरहटा तक का यह निर्माण कार्य विकास से ज्यादा अव्यवस्था और डर का कारण बनता जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Discover more from Media Auditor

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue Reading

%d