मणिपुर में जहरीली शराब से 15 मौतें, राहुल गांधी ने BJP सरकार पर उठाए सवाल

Manipur News(Dainikmediaauditor): लोगों की मौत होने की खबर है जबकि 180 से ज्यादा लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना को लेकर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बीजेपी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि यह कोई हादसा नहीं बल्कि सरकार की लापरवाही का नतीजा है।
राहुल गांधी ने सरकार को घेरा
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस घटना को लेकर दुख जताया। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जाहिर की और अस्पताल में भर्ती लोगों के जल्द ठीक होने की कामना की। इसके साथ ही उन्होंने राज्य की बीजेपी सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि मणिपुर पहले से ही हिंसा का दर्द झेल रहा है और अब जहरीली शराब की वजह से कई परिवार उजड़ रहे हैं। इसके बावजूद सरकार सोती नजर आ रही है।
राहुल गांधी ने मांग की कि इस मामले में जो भी लोग जिम्मेदार हैं उनके खिलाफ तुरंत सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। साथ ही पीड़ित परिवारों को बिना देरी पूरी मदद मिलनी चाहिए।
18 से 20 नवंबर के बीच हुईं मौतें
जानकारी के मुताबिक चंदेल जिले के चकपिकारोंग उपमंडल और आसपास के इलाकों में 18 से 20 नवंबर के बीच लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी थी। शराब पीने के बाद कई लोगों को उल्टी पेट दर्द चक्कर सिरदर्द और धुंधला दिखाई देने जैसी शिकायतें हुईं। कुछ मरीजों को सांस लेने में भी परेशानी हुई। हालत गंभीर होने पर कई लोगों को बेहतर इलाज के लिए इंफाल के अस्पतालों में भेजा गया। कुछ मरीज आईसीयू में भर्ती हैं।
शुरुआती पुलिस जांच में पता चला है कि लोगों ने जिस शराब का सेवन किया था उसे काकचिंग जिले के सुगनू इलाके से खरीदा गया था। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि शराब में जहरीला मेथनॉल कैसे पहुंचा।
प्रशासन ने जारी किया हेल्थ अलर्ट
घटना के बाद राज्य सरकार ने हेल्थ अलर्ट जारी किया है। जिरीबाम जिला प्रशासन ने भी लोगों के लिए चेतावनी जारी करते हुए स्थानीय स्तर पर बनी शराब और बिना लेबल वाले अल्कोहलिक ड्रिंक्स से दूर रहने की अपील की है।
प्रशासन ने साफ कहा है कि अगली सूचना तक अनजान जगह से खरीदी गई खुली शराब का सेवन बिल्कुल न करें। अगर किसी के पास संदिग्ध शराब का स्टॉक है तो उसे पीने या बेचने के बजाय पुलिस अथवा एक्साइज विभाग को सूचना दें।
प्रशासन ने यह भी कहा है कि अगर किसी ने ऐसी शराब पी है तो लक्षण दिखाई देने का इंतजार न करें और तुरंत अस्पताल पहुंचकर जांच कराएं। फिलहाल इस पूरे मामले की जांच जारी है और लोगों को जांच पूरी होने तक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।





