राष्ट्रीय

अमरनाथ यात्रियों के लिए पीएम मोदी का संदेश, स्वच्छता से राष्ट्र प्रथम तक पांच संकल्प

पवित्र अमरनाथ यात्रा का शुभारंभ हो चुका है। बारिश के बीच बालटाल और पहलगाम बेस कैंप से श्रद्धालुओं का पहला जत्था बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए रवाना हुआ। पहले दिन 10 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने यात्रा शुरू की। बालटाल मार्ग से जाने वाले श्रद्धालु उसी दिन बाबा बर्फानी के दर्शन कर सकेंगे, जबकि पहलगाम मार्ग से यात्रा करने वाले श्रद्धालु अगले दिन दर्शन करेंगे। यह पवित्र यात्रा 28 अगस्त तक चलेगी।

प्रधानमंत्री मोदी ने श्रद्धालुओं को लिखा विशेष पत्र

अमरनाथ यात्रा के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्रद्धालुओं के नाम एक विशेष पत्र जारी किया। उन्होंने यात्रा को भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण प्रतीक बताते हुए सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं। प्रधानमंत्री ने कहा कि अमरनाथ यात्रा केवल आस्था का पर्व नहीं, बल्कि भारत की विविधता, एकता और सेवा भावना का भी अद्भुत उदाहरण है। उन्होंने यात्रा के सफल संचालन में लगे सुरक्षा बलों, प्रशासन, स्वास्थ्यकर्मियों, सफाई मित्रों और स्वयंसेवकों के योगदान की भी सराहना की।

पीएम मोदी ने श्रद्धालुओं से पांच संकल्प लेने का किया आग्रह

प्रधानमंत्री ने यात्रियों से पांच महत्वपूर्ण संकल्प लेने की अपील की। पहला, पूरी यात्रा के दौरान स्वच्छता बनाए रखना और सफाई में सहयोग करना। दूसरा, प्रशासन, सुरक्षा एजेंसियों और यातायात संबंधी सभी निर्देशों का पालन करना। तीसरा, ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान के तहत यात्रा खर्च का कम से कम 10 प्रतिशत स्थानीय उत्पाद खरीदने में खर्च करना, ताकि जम्मू-कश्मीर के लोगों की आजीविका को बढ़ावा मिले। चौथा, रक्षाबंधन के अवसर पर अपने भाई या बहन को एक पौधा भेंट कर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को आगे बढ़ाना। पांचवां, पूरे वर्ष ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करना।

सुरक्षित और मंगलमय यात्रा की कामना

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संदेश में कहा कि बाबा अमरनाथ की यात्रा सनातन धर्म की आस्था, भारत की सांस्कृतिक एकता और निःस्वार्थ सेवा की परंपरा का भव्य उत्सव है। उन्होंने कामना की कि बाबा बर्फानी की कृपा सभी श्रद्धालुओं पर बनी रहे, उनकी यात्रा सुरक्षित और मंगलमय हो तथा यह आध्यात्मिक अनुभव सभी के जीवन में नई ऊर्जा और सकारात्मकता का संचार करे।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Discover more from Media Auditor

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue Reading

%d