पहली बारिश में ही बिजली विभाग की खुली पोल,कई सर्विस स्टेशन जलमग्न दो में बिजली पूरी तरह ठप

रीवा। जिले में हुई पहली बारिश ने ही बिजली विभाग की तैयारियों की पोल खोलकर रख दी है। बताया जा रहा है कि रतहरा, करहिया, इटहा-छीजवार और अमहिया सहित कई क्षेत्रों के विद्युत सर्विस स्टेशनों में बारिश का पानी भर गया है। जलभराव के चलते विद्युत व्यवस्था प्रभावित होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक कई सर्विस स्टेशनों में पानी भरने के कारण विद्युत उपकरणों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है। वहीं दो सर्विस स्टेशनों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप होने की बात सामने आ रही है। इटहा-छीजवार क्षेत्र में भी बिजली लाइन प्रभावित होने से ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
लोगों का कहना है कि मानसून से पहले सर्विस स्टेशनों में जल निकासी और रखरखाव की समुचित व्यवस्था की जानी चाहिए थी। पहली बारिश में ही रतहरा, करहिया, इटहा-छीजवार और अमहिया जैसे क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति सामने आने से विभाग की तैयारियों पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से सर्विस स्टेशनों से तत्काल पानी निकासी कराने विद्युत उपकरणों की जांच करने और प्रभावित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति जल्द बहाल कराने की मांग की है। पहली बारिश में ही जब सर्विस स्टेशन पानी में डूबने लगे हैं, तो आने वाले दिनों की भारी बारिश में बिजली व्यवस्था का क्या हाल होगा यह बड़ा सवाल बना हुआ है।





