मध्य प्रदेश

मध्य प्रदेश: शिवपुरी जिले में नाव पलटने से 6 श्रद्धालुओं की मौत, 1 लापता, 8 को बचाया गया

मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के खनियाधाना थाना क्षेत्र में स्थित माता टीला डैम में सिद्ध बाबा मंदिर दर्शन के लिए गए श्रद्धालुओं की नाव पलटने से बड़ा हादसा हो गया। इस हादसे में 7 लोग लापता हो गए थे। आज एनडीआरएफ (NDRF) की टीम ने 6 शव बरामद कर लिए हैं, जबकि एक किशोर की तलाश जारी है। हादसे में 8 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया था। एनडीआरएफ की टीम लगातार बचाव अभियान में जुटी हुई है।

मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे श्रद्धालु

मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम करीब 5 बजे राजावन गांव के 15 लोग माता टीला डैम में स्थित एक द्वीप पर सिद्ध बाबा मंदिर के दर्शन के लिए नाव से निकले थे। मंदिर डैम के बीच स्थित है, जहां जाने के लिए श्रद्धालु नाव का उपयोग करते हैं। यात्रा के दौरान अचानक नाव का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई। नाव में सवार कई लोग पानी में डूबने लगे। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए 8 लोगों को सुरक्षित बचा लिया, लेकिन 7 लोग लापता हो गए थे।

प्रत्यक्षदर्शी ने सुनाई हादसे की कहानी

हादसे में बचने वाले नाविक प्रदीप लोधी ने बताया कि नाव में एक महिला ने पिछले हिस्से में पानी भरता देखा था। कुछ देर बाद नाव में तेजी से पानी भरने लगा और वह डूब गई। हादसे में कई लोगों की जान चली गई।

मध्य प्रदेश: शिवपुरी जिले में नाव पलटने से 6 श्रद्धालुओं की मौत, 1 लापता, 8 को बचाया गया

हादसे में मरने वालों के नाम

इस दर्दनाक हादसे में जिन श्रद्धालुओं की मौत हुई, उनके नाम निम्नलिखित हैं:

  • शारदा पत्नी इमरत लोधी (55 वर्ष)
  • लीला पत्नी रामनिवास लोधी (40 वर्ष)
  • चीना पिता लज्जाराम लोधी (14 वर्ष)
  • कन्हा पिता कैप्टन लोधी (07 वर्ष)
  • रामदेवी पति भूरा लोधी (35 वर्ष)
  • शिवा पिता भूरा लोधी (08 वर्ष)

मुख्यमंत्री ने की मदद की घोषणा

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री मोहन यादव जिला प्रशासन के संपर्क में हैं और घटना की जानकारी ले रहे हैं। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान निधि से 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

यह हादसा शिवपुरी जिले में लोगों के लिए एक बड़ा झटका है। श्रद्धालु मंदिर दर्शन के लिए गए थे, लेकिन नाव पलटने से उनकी जान चली गई। प्रशासन लगातार राहत और बचाव कार्य में लगा हुआ है और लापता किशोर की तलाश जारी है। सरकार ने मृतकों के परिवारों को सहायता राशि देने का ऐलान किया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button