दतिया में नरोत्तम मिश्रा समर्थकों का उग्र प्रदर्शन, 15 किलोमीटर लंबा जाम लगा

मध्य प्रदेश के दतिया में विधानसभा उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी द्वारा पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा को टिकट नहीं दिए जाने के बाद भारी हंगामा हो गया। नाराज समर्थकों ने राष्ट्रीय राजमार्ग NH-44 को जाम कर दिया और प्रदर्शन के दौरान पुलिस पर पथराव किया। इस हिंसा में कई पुलिस अधिकारी और जवान घायल हो गए। प्रशासन ने हालात पर काबू पाने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया है।
15 किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम
दतिया के पुलिस अधीक्षक मयूर खंडेलवाल के अनुसार, शुक्रवार शाम से करीब 3,000 से अधिक प्रदर्शनकारी शहर में जुटने लगे। उन्होंने पहले बाजार बंद कराने की कोशिश की और फिर शाम करीब 6 बजे NH-44 पर चक्का जाम कर दिया। हाईवे जाम होने से लगभग 15 किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया, जिसका असर आसपास के जिलों तक पहुंचा। जिला प्रशासन ने कई बार बातचीत कर रास्ता खाली कराने की कोशिश की, लेकिन प्रदर्शनकारी नहीं माने।
तड़के पुलिस पर हुआ पथराव
पुलिस के मुताबिक, शनिवार तड़के करीब 4 बजे प्रदर्शनकारियों ने अचानक पुलिस बल पर पथराव शुरू कर दिया। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े। इसके बावजूद पथराव जारी रहा। इस घटना में 6 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। पुलिस अधीक्षक मयूर खंडेलवाल और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को भी चोटें आई हैं। सभी घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस की कार्रवाई, कई हिरासत में
पथराव के बाद पुलिस ने दोबारा आंसू गैस का इस्तेमाल कर भीड़ को तितर-बितर किया। प्रशासन का कहना है कि कुछ उपद्रवी अलग-अलग स्थानों पर छिप गए हैं और उन्हें आत्मसमर्पण करने या क्षेत्र छोड़ने की चेतावनी दी गई है। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया है और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल NH-44 पर यातायात बहाल कराने का काम जारी है और पूरे दतिया शहर में सुरक्षा के मद्देनज़र भारी पुलिस बल तैनात है।





