खेल

FIH Pro League: हॉकी के मैदान में दिखा भारतीय शेरनियों का जज़्बा, हार में भी थी जीत की झलक

एफआईएच प्रो लीग मुकाबले में भारतीय महिला हॉकी टीम को ऑस्ट्रेलिया के हाथों 2-3 से हार का सामना करना पड़ा। शुरुआत में भारतीय टीम 0-3 से पीछे थी लेकिन खिलाड़ियों ने दमदार वापसी की। हालांकि कोशिशों के बावजूद मैच का नतीजा नहीं बदल सका। ऑस्ट्रेलिया की ओर से कोर्टनी शॉनेल (16वें मिनट), लेक्सी पिकरिंग (26वें मिनट) और टैटम स्टीवर्ट (35वें मिनट) ने गोल किए। भारत की ओर से दीपिका और नेहा ने पेनल्टी कॉर्नर के जरिए गोल दागे।

मैच की शुरुआत काफी संतुलित रही। पहले क्वार्टर में भारत और ऑस्ट्रेलिया दोनों ही टीमों ने जोरदार खेल दिखाया लेकिन कोई भी गोल नहीं कर सका। ऑस्ट्रेलिया ने कई बार आक्रमण किया लेकिन भारत की रक्षापंक्ति ने उन्हें मौका नहीं दिया। नौवें मिनट में ऑस्ट्रेलिया को पहला पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन भारत ने उसे नाकाम कर दिया। इसके बाद 13वें मिनट में भारतीय आक्रमण को ऑस्ट्रेलियाई गोलकीपर एलिशा पावर ने शानदार तरीके से रोक दिया।

दूसरे और तीसरे क्वार्टर में ऑस्ट्रेलिया ने ली बढ़त

पहले क्वार्टर में असफल रहने के बाद ऑस्ट्रेलिया ने दूसरे क्वार्टर की शुरुआत से ही तेज़ खेल दिखाया। महज एक मिनट के भीतर कोर्टनी शॉनेल ने शानदार गोल कर टीम को बढ़त दिला दी। इसके 10 मिनट बाद लेक्सी पिकरिंग ने दूसरा गोल कर बढ़त को 2-0 कर दिया। तीसरे क्वार्टर में टैटम स्टीवर्ट ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर स्कोर 3-0 कर दिया। इस समय तक भारत दबाव में दिख रहा था लेकिन हार मानने के मूड में नहीं था।

आखिरी क्वार्टर में भारत की वापसी लेकिन नतीजा न बदल सका

चौथा और अंतिम क्वार्टर पूरी तरह भारत के नाम रहा। 3-0 से पीछे चल रही टीम ने दमदार वापसी की। भारत को पहला पेनल्टी कॉर्नर मिला जिसे दीपिका ने गोल में तब्दील कर स्कोर 1-3 किया। इसके बाद भारत को लगातार दो पेनल्टी कॉर्नर और मिले लेकिन दोनों बेकार गए। अंतिम हूटर से आठ मिनट पहले भारत को फिर एक पेनल्टी कॉर्नर मिला और इस बार नेहा ने रिबाउंड पर गोल कर स्कोर 2-3 कर दिया। मैच खत्म होने से दो मिनट पहले भारत को बराबरी का मौका मिला लेकिन वह गोल करने में नाकाम रही और जीत हाथ से निकल गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button