बिज़नेस

Adani Group AGM: अडानी ग्रुप की बैलेंस शीट मजबूत, रिकॉर्ड कमाई के दम पर होगा 20 बिलियन डॉलर निवेश

अदाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अदाणी ने मंगलवार को सालाना आम बैठक (AGM) के दौरान यह एलान किया कि आने वाले पांच सालों में ग्रुप 15 से 20 बिलियन डॉलर तक का निवेश करेगा। यह निवेश बंदरगाहों से लेकर हवाईअड्डों तक और अक्षय ऊर्जा से लेकर डेटा सेंटर, सीमेंट और गैस व बिजली तक फैले विभिन्न क्षेत्रों में किया जाएगा। अदाणी ने कहा कि ग्रुप की बैलेंस शीट पहले से कहीं ज्यादा मजबूत है और आज अदाणी ग्रुप भारत का सबसे बड़ा इंफ्रास्ट्रक्चर समूह बन चुका है। उन्होंने कहा कि उनका मकसद केवल बाजारों की सेवा करना नहीं बल्कि भारत के भविष्य के निर्माण में योगदान देना है।

अमेरिका में हाल ही में सामने आए एक कथित घूसकांड पर भी गौतम अदाणी ने AGM में खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने साफ किया कि अदाणी ग्रुप के किसी भी व्यक्ति पर अमेरिकी कानून ‘फॉरेन करप्ट प्रैक्टिसेस एक्ट’ यानी एफसीपीए के उल्लंघन का आरोप नहीं है। न ही किसी ने न्याय में बाधा पहुंचाने की साजिश की है। उन्होंने कहा कि अदाणी समूह ने कभी पीछे हटना नहीं सीखा। उन्होंने इसे नेतृत्व की असली परीक्षा बताया और कहा कि असली नेतृत्व धूप में नहीं बल्कि संकट की आग में तप कर बनता है। इस बयान के बाद उन्होंने अपने आलोचकों को भी एक मजबूत संदेश दे दिया।

Adani Group AGM: अडानी ग्रुप की बैलेंस शीट मजबूत, रिकॉर्ड कमाई के दम पर होगा 20 बिलियन डॉलर निवेश

वैश्विक मानकों पर कोई समझौता नहीं

गौतम अदाणी ने अपने भाषण में स्पष्ट किया कि उनके समूह का काम करने का तरीका पूरी तरह वैश्विक मानकों के अनुसार है और इस पर कोई समझौता नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि अदाणी समूह ने हमेशा नियमों का पालन किया है और उनकी प्राथमिकता पारदर्शिता और जवाबदेही है। पिछले कुछ महीनों में अदाणी समूह की कंपनियों के शेयरों में जबरदस्त उछाल आया है और ग्रुप की आय में रिकॉर्ड वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि ग्रुप की कुल आय 2,71,664 करोड़ रुपये रही है और कर से पहले की समायोजित आय 89,806 करोड़ रुपये रही है जो पिछले साल के मुकाबले 8.2 प्रतिशत ज्यादा है।

देश की शांति और शौर्य को किया सलाम

अपने भाषण की शुरुआत में गौतम अदाणी ने देश के वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि दी और उनके साहस और बलिदान को सलाम किया। उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का ज़िक्र करते हुए कहा कि भारत शांति की कीमत जानता है लेकिन अगर कोई आंख दिखाता है तो जवाब देना भी जानता है। इसके साथ ही उन्होंने 12 जून को एयर इंडिया हादसे में जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि उनका समूह केवल व्यवसाय की दृष्टि से निवेश नहीं करता बल्कि हर निवेश भारत के इंफ्रास्ट्रक्चर और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक बड़ा कदम होता है। गौतम अदाणी का यह भाषण केवल कारोबार तक सीमित नहीं था बल्कि इसमें एक राष्ट्र निर्माता की सोच झलक रही थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button