मध्य प्रदेश

प्रधानमंत्री मोदी करेंगे बागेश्वर धाम में 100 बिस्तरों वाले कैंसर अस्पताल का भूमिपूजन

छतरपुर जिले के प्रसिद्ध बागेश्वर धाम में 23 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 100 बिस्तरों वाले कैंसर अस्पताल का भूमिपूजन करेंगे। बुधवार को खजुराहो सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने बागेश्वर धाम में तैयारियों का जायजा लिया। बागेश्वर धाम पीठाधीश्‍वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने बताया कि इस आयोजन की तैयारियां जोरों पर हैं। यह अस्पताल न केवल बुंदेलखंड बल्कि पूरे प्रदेश के लिए एक बड़ी सौगात साबित होगा। प्रधानमंत्री मोदी का सपना है कि भारत को कैंसर मुक्त बनाया जाए और यह अस्पताल उसी दिशा में एक बड़ा कदम होगा।

‘बालाजी सरकार कैंसर इंस्टीट्यूट’ नाम से जाना जाएगा अस्पताल

बागेश्वर धाम में बनने वाला यह कैंसर अस्पताल ‘बालाजी सरकार कैंसर इंस्टीट्यूट’ के नाम से जाना जाएगा। पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि भारत आज विश्वमित्र का भारत है, जो चीन, रूस और यूक्रेन का भी मित्र है। भले ही इन देशों के बीच आपसी संवाद न हो, लेकिन भारत विश्व मित्र की भूमिका निभा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री मोदी देश को एक नई दिशा दे रहे हैं और यह हमारे लिए गर्व की बात है कि वे इस ऐतिहासिक भूमिपूजन के लिए बागेश्वर धाम आ रहे हैं।

प्रधानमंत्री मोदी करेंगे बागेश्वर धाम में 100 बिस्तरों वाले कैंसर अस्पताल का भूमिपूजन

चार चरणों में होगा निर्माण, तीन साल में तैयार होगा अस्पताल

यह अस्पताल चार चरणों में निर्मित होगा और इसके लिए 25 एकड़ भूमि चिन्हित की गई है। इस अस्पताल की कुल लागत 200 करोड़ रुपये आंकी गई है। निर्माण कार्य को पूरा करने में लगभग तीन साल लगेंगे। अस्पताल निर्माण के लिए कथा एवं दानदाताओं से प्राप्त निधि का उपयोग किया जाएगा। इस अस्पताल में जर्मनी और इंग्लैंड से भी डॉक्टर आकर अपनी सेवाएं देंगे।

गरीबों को मिलेगा नि:शुल्क इलाज

यह कैंसर अस्पताल विशेष रूप से गरीब एवं जरूरतमंद मरीजों के लिए बनाया जा रहा है, जहां उन्हें नि:शुल्क उपचार प्रदान किया जाएगा। अस्पताल परिसर में मरीजों और उनके परिजनों की सुविधा के लिए भोजनालय, धर्मशाला, प्रदर्शनी परिसर, फार्मेसी, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और यज्ञशाला जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अलावा, यहां एंबुलेंस सेवा, जनरल वार्ड, पैथोलॉजी, सीटी स्कैन, एमआरआई, रेडियोथेरेपी, कीमोथेरेपी, ऑपरेशन थिएटर और आईसीयू जैसी अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी।

बागेश्वर धाम ट्रस्ट करेगा संचालन

इस अस्पताल का संचालन बागेश्वर धाम ट्रस्ट समिति द्वारा किया जाएगा। समिति ने अस्पताल के कुशल प्रबंधन और सुचारू संचालन के लिए पहले से ही एक व्यापक योजना तैयार कर ली है। ट्रस्ट ने कहा कि इस अस्पताल का उद्देश्य कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे मरीजों को समुचित और उन्नत चिकित्सा सुविधा प्रदान करना है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू भी आएंगी बागेश्वर धाम

गौरतलब है कि देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू भी जल्द ही बागेश्वर धाम पहुंचने वाली हैं। वह यहां आयोजित होने वाले सामूहिक कन्या विवाह महोत्सव में शामिल होंगी। उनके आगमन को लेकर भी तैयारियां जोरों पर हैं।

बुंदेलखंड को स्वास्थ्य सेवाओं में मिलेगा नया आयाम

बुंदेलखंड क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की कमी लंबे समय से महसूस की जा रही थी। इस अस्पताल के निर्माण से न केवल छतरपुर बल्कि पूरे बुंदेलखंड क्षेत्र को एक अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधा प्राप्त होगी। कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के इलाज के लिए मरीजों को अब दिल्ली, मुंबई जैसे बड़े शहरों की ओर रुख नहीं करना पड़ेगा।

बागेश्वर धाम के लिए ऐतिहासिक क्षण

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बागेश्वर धाम दौरा और 100 बिस्तरों वाले कैंसर अस्पताल की आधारशिला रखना न केवल धार्मिक बल्कि सामाजिक दृष्टि से भी ऐतिहासिक क्षण साबित होगा। यह अस्पताल कैंसर पीड़ितों के लिए आशा की एक नई किरण लेकर आएगा और बागेश्वर धाम को एक नई पहचान दिलाएगा

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Discover more from Media Auditor

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue Reading

%d