इमरान खान की जेल से चिट्ठी, बोले जिंदा वापस नहीं लौट पाऊंगा, पत्नी बुशरा बीबी के लिए भी मांगा इलाज

Pakistan News( पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने जेल से देश के बड़े न्यायाधीशों को एक खुला पत्र लिखकर अपनी और पत्नी बुशरा बीबी की सेहत को लेकर गंभीर चिंता जताई है। इमरान खान ने आरोप लगाया है कि जेल में उनके साथ ठीक व्यवहार नहीं हो रहा है और उन्हें जरूरी इलाज की सुविधा भी नहीं मिल रही है। उन्होंने अपनी बिगड़ती सेहत का हवाला देते हुए कहा है कि हालात ऐसे ही रहे तो शायद वह जेल से जिंदा वापस नहीं लौट पाएंगे।
इमरान खान ने अपने पत्र में बताया है कि उन्हें जेल के अंदर दिन के करीब 22 घंटे एकांत में रखा जाता है। उनका आरोप है कि उन्हें दूसरे लोगों से मिलने जुलने का मौका नहीं दिया जा रहा है। लंबे समय तक अकेले रहने और जरूरी सुविधाएं नहीं मिलने से उनकी सेहत पर बुरा असर पड़ रहा है। उन्होंने न्यायपालिका से इस मामले में ध्यान देने की अपील की है।
इमरान ने सिर्फ अपनी परेशानी ही नहीं बताई बल्कि पत्नी बुशरा बीबी की सेहत का मुद्दा भी उठाया है। उन्होंने पाकिस्तान के शीर्ष न्यायाधीशों से मांग की है कि उनकी पत्नी को भी बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। उनका कहना है कि दोनों को इलाज के मामले में जरूरी सुविधाएं मिलनी चाहिए।
इमरान खान की इस चिट्ठी के सामने आने के बाद पाकिस्तान की राजनीति में एक बार फिर उनकी जेल में स्थिति को लेकर चर्चा तेज हो सकती है। पहले भी उनकी पार्टी और समर्थक जेल में उनके साथ किए जा रहे व्यवहार पर सवाल उठाते रहे हैं।
हालांकि इमरान खान की ओर से लगाए गए इन आरोपों पर संबंधित जेल प्रशासन और पाकिस्तानी सरकार का आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है। अब सबकी नजर इस बात पर रहेगी कि पाकिस्तान के शीर्ष न्यायाधीश इस पत्र पर क्या रुख अपनाते हैं और इमरान खान तथा बुशरा बीबी को बेहतर इलाज देने की मांग पर कोई कदम उठाया जाता है या नहीं।





