उत्तर प्रदेश

रामपुर में भीषण सड़क हादसा, नोएडा के IT कंपनी मालिक समेत 4 युवकों की मौत

उत्तर प्रदेश के रामपुर में शनिवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में चार युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी युवक नोएडा और दिल्ली-एनसीआर से उत्तराखंड के जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क घूमने जा रहे थे। सुबह करीब पांच बजे उनकी तेज रफ्तार ईको कार हाईवे पर खड़ी एक डीसीएम से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और गैस कटर की मदद से वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला।

IT कंपनी मालिक समेत चार की गई जान

पुलिस के अनुसार हादसे में जान गंवाने वालों में नोएडा के सेक्टर-2 स्थित एक आईटी कंपनी के संचालक अभिषेक अग्निहोत्री (30), कंपनी में कार्यरत इंजीनियर कार्तिक राजपूत (24), नीरज (24) और गुलबुद्दीन उर्फ सोनू (35) शामिल हैं। वहीं जतिन, कमल और विशाल गंभीर रूप से घायल हुए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए दिल्ली रेफर किया गया है। मृतकों के परिवारों में घटना के बाद शोक का माहौल है।

टायर पंचर के बाद पीछे रह गई थी कार

मृतक अभिषेक के मित्र के अनुसार, पूरा स्टाफ वीकेंड ट्रिप पर दो गाड़ियों से निकला था। रास्ते में ईको कार का टायर पंचर हो गया, जिसे ठीक कराने में समय लग गया और दूसरी कार काफी आगे निकल गई। काफी देर तक संपर्क नहीं होने पर फोन किया गया तो एक राहगीर ने हादसे की सूचना दी। इसके बाद सभी लोग घटनास्थल पहुंचे।

प्रारंभिक जांच में झपकी और तेज रफ्तार की आशंका

रामपुर पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक जांच में कार की रफ्तार करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटा होने की आशंका है। साथ ही संभावना जताई जा रही है कि सुबह के समय ड्राइवर को झपकी आने से वाहन पर नियंत्रण खो गया और कार सीधे सड़क किनारे खड़ी डीसीएम में जा घुसी। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद हादसे के सटीक कारणों की पुष्टि की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Discover more from Media Auditor

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue Reading

%d