मध्य प्रदेश

सिंगरौली में बड़ा हादसा, मलबे में दबा पूरा परिवार, 3 की दर्दनाक मौत

मध्य प्रदेश के सिंगरौली में कच्चा मकान ढहने से एक ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। रात में खाना खाने के बाद परिवार के लोग घर के अंदर सो रहे थे। तभी अचानक करीब 50 साल पुराना पुश्तैनी मकान भरभराकर गिर गया। हादसे में दो साल की मासूम बच्ची समेत तीन लोगों की मौत हो गई जबकि परिवार के पांच सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

यह दर्दनाक हादसा सोमवार 9 नवंबर की रात कोतवाली थाना क्षेत्र के बरहपान गांव के जलहथनी टोला में हुआ। बताया जा रहा है कि अरुण विश्वकर्मा अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे। इसी दौरान मकान की छत और दीवारें अचानक गिर गईं। घर में मौजूद कुल आठ लोग मलबे के नीचे दब गए। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और परिवार को बचाने में जुट गए।

घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई। जेसीबी की मदद से मलबा हटाकर लोगों को बाहर निकालने का काम शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद रात करीब एक बजे तक सभी दबे हुए लोगों को बाहर निकाला गया। इस हादसे में अरुण विश्वकर्मा उम्र 36 साल उनकी मां संतुलिया उम्र 65 साल और उनकी दो साल की बेटी की जान चली गई। पांच घायलों को इलाज के लिए बैढ़न ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया।

हादसे में घायल बेलामती ने बताया कि घर की एक दीवार पहले से ही फटी हुई थी और उसमें से अजीब आवाज आ रही थी। परिवार को मकान गिरने का डर भी था लेकिन कोई कुछ समझ पाता उससे पहले ही पूरा घर ढह गया। बेलामती अपने चार बच्चों के साथ मलबे में दब गई थीं। गांव के लोगों ने उन्हें बाहर निकाला।

बताया गया कि यह करीब 50 साल पुराना पुश्तैनी कच्चा खपरैल मकान था। इसमें समय समय पर मिट्टी से अतिरिक्त निर्माण भी कराया गया था। परिवार के पास करीब चार एकड़ खेती की जमीन है और अरुण खेती के साथ मकान बनाने का काम भी करते थे। उनका छोटा भाई सुभाष घटना के समय बैढ़न में मजदूरी करने गया था। देर से घर लौटने की वजह से उसकी जान बच गई।

अरुण के नाम प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्का मकान भी मंजूर हुआ था जिसका निर्माण अभी चल रहा है। सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह के मुताबिक मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिवार को एक एक लाख रुपये और घायलों को 25 हजार रुपये की आर्थिक मदद देने के निर्देश दिए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button