मनोरंजन

संजय कपूर की अंतिम सांस और सोशल मीडिया पर उठते सवाल – आखिर हुआ क्या था इंग्लैंड में?

बॉलीवुड एक्ट्रेस करिश्मा कपूर के पूर्व पति और मशहूर उद्योगपति संजय कपूर का इंग्लैंड में 12 जून को निधन हो गया। 53 वर्षीय संजय कपूर ऑटोमोटिव कंपनी सोना कॉमस्टार के चेयरमैन थे और भारतीय व्यापार जगत में एक प्रभावशाली नाम माने जाते थे। उनके अचानक निधन की खबर ने इंडस्ट्री और फिल्म जगत को गमगीन कर दिया है। लेखक सुहेल सेठ ने सोशल मीडिया के ज़रिए उनके निधन की पुष्टि की और श्रद्धांजलि दी। इस खबर के सामने आने के बाद बॉलीवुड सेलेब्स करिश्मा कपूर के घर पहुंचने लगे हैं।

ANI की रिपोर्ट के मुताबिक संजय कपूर घुड़सवारी कर रहे थे और पोलो खेलते वक्त उन्होंने गलती से एक मक्खी निगल ली। वह मक्खी उनके गले में फंस गई जिससे उन्हें बेचैनी और घबराहट होने लगी। इस घबराहट में उन्हें अचानक दिल का दौरा पड़ा और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि अपनी मौत से कुछ ही घंटे पहले संजय कपूर सोशल मीडिया पर सक्रिय थे। उन्होंने अहमदाबाद एयर इंडिया विमान हादसे पर एक पोस्ट शेयर किया था जिसमें उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई थी।

संजय कपूर का परिवार और उनकी निजी ज़िंदगी

संजय कपूर की तीसरी पत्नी प्रिया सचदेव हैं जिनसे उन्हें एक बच्चा भी है। इससे पहले उनकी शादी करिश्मा कपूर से हुई थी जिनसे उनके दो बच्चे हैं – कियान और समायरा। साल 2003 में करिश्मा और संजय की शादी हुई थी लेकिन कई सालों तक विवादों के बाद 2016 में उनका तलाक हो गया। करिश्मा से पहले संजय कपूर ने मशहूर फैशन डिज़ाइनर नंदिता महतानी से भी शादी की थी। तलाक के बाद उन्होंने प्रिया सचदेव से दोबारा शादी की और पिछले कुछ समय से दोनों इंग्लैंड में रह रहे थे।

परिवार और बॉलीवुड सेलेब्स करिश्मा के साथ

संजय कपूर की अचानक मौत से करिश्मा कपूर और उनके बच्चों को गहरा आघात लगा है। जैसे ही इस दुखद खबर की पुष्टि हुई, करीना कपूर खान, सैफ अली खान, मलाइका अरोड़ा और अमृता अरोड़ा जैसे कई बॉलीवुड सेलेब्स करिश्मा के घर पहुंचे ताकि उन्हें इस मुश्किल वक्त में सहारा दे सकें। फिलहाल करिश्मा कपूर की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है और न ही उनके परिवार के किसी अन्य सदस्य ने कोई प्रतिक्रिया दी है। पूरा बॉलीवुड इस दुख की घड़ी में करिश्मा और उनके परिवार के साथ खड़ा नजर आ रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button