विजय की आखिरी फिल्म ‘जन नायकन’ का बॉक्स ऑफिस पर जलवा, दो दिन में 63 करोड़ पार

तमिल सुपरस्टार विजय की विदाई फिल्म ‘जन नायकन’ बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। पहले दिन रिकॉर्डतोड़ ओपनिंग के बाद दूसरे दिन कमाई में गिरावट जरूर आई, लेकिन फिल्म ने महज दो दिनों में 63.85 करोड़ रुपये नेट का आंकड़ा पार कर अपनी मजबूत पकड़ बनाए रखी है।
पहले दिन के बाद दूसरे दिन आई गिरावट
एच. विनोद के निर्देशन में बनी ‘जन नायकन’ ने रिलीज के पहले दिन भारत में 42.70 करोड़ रुपये नेट की शानदार कमाई की। हालांकि, दूसरे दिन फिल्म की कमाई घटकर 21.15 करोड़ रुपये रह गई। इसके बावजूद फिल्म ने दो दिनों में भारत में कुल 63.85 करोड़ रुपये नेट का कारोबार कर लिया, जो इसकी मजबूत शुरुआत को दर्शाता है।
दुनियाभर में 100 करोड़ क्लब में एंट्री
ट्रेड रिपोर्ट्स के अनुसार, दूसरे दिन फिल्म ने विदेशी बाजारों से करीब 10 करोड़ रुपये ग्रॉस की कमाई की। इसके साथ ही ‘जन नायकन’ का कुल वर्ल्डवाइड कलेक्शन 112.50 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। यह उपलब्धि बताती है कि विजय की लोकप्रियता सिर्फ भारत तक सीमित नहीं है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी उनका बड़ा दर्शक वर्ग मौजूद है।
ऑक्यूपेंसी में रात के शो रहे सबसे मजबूत
फिल्म की दूसरे दिन कुल ऑक्यूपेंसी 44.33 प्रतिशत दर्ज की गई। मॉर्निंग शो में 32.77 प्रतिशत दर्शक पहुंचे, जबकि दोपहर में यह बढ़कर 37.23 प्रतिशत रही। शाम के शो में 47 प्रतिशत और नाइट शो में सबसे अधिक 60.31 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई। इससे साफ है कि दिन बढ़ने के साथ फिल्म देखने वालों की संख्या भी बढ़ती गई।
तमिल वर्जन बना कमाई की सबसे बड़ी ताकत
फिल्म की कमाई में तमिल वर्जन का दबदबा लगातार बना हुआ है। दूसरे दिन तमिल संस्करण ने 17.95 करोड़ रुपये का कारोबार किया। वहीं हिंदी वर्जन ने 1.85 करोड़ रुपये और तेलुगु वर्जन ने 1.35 करोड़ रुपये की कमाई की। यह आंकड़े बताते हैं कि फिल्म को सबसे ज्यादा समर्थन तमिल दर्शकों से मिल रहा है।
विजय के फिल्मी करियर का यादगार समापन
‘जन नायकन’ को विजय के तीन दशक लंबे फिल्मी करियर की आखिरी फिल्म माना जा रहा है। उन्होंने अपने करियर में 60 से अधिक फिल्मों में अभिनय किया और करोड़ों प्रशंसकों का दिल जीता। फिल्म में पूजा हेगड़े, बॉबी देओल, ममिता बैजू, प्रियामणि, गौतम वासुदेव मेनन और प्रकाश राज जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं, जबकि संगीत अनिरुद्ध रविचंदर ने दिया है।





