रायपुर नगर निगम बजट सत्र में हंगामा, बीजेपी पार्षदों ने मेयर पर उड़ेला पानी

रायपुर के बिरगांव नगर निगम में शुक्रवार (4 अप्रैल) को बजट सत्र के दौरान जबरदस्त हंगामा देखने को मिला। नगर निगम के बजट सत्र में भाजपा पार्षदों ने विरोध जताते हुए मेयर नंदलाल देवांगन पर पानी से भरा कंटेनर उड़ेल दिया। इस दौरान भाजपा पार्षदों ने जमकर नारेबाजी भी की, जिससे सदन की कार्यवाही बाधित हो गई।
पानी संकट को लेकर मेयर पर फूटा गुस्सा
दरअसल, शुक्रवार को बिरगांव नगर निगम में मेयर नंदलाल देवांगन ने 149 करोड़ रुपये का बजट पेश किया था। इसी बीच भाजपा पार्षदों ने अपने वार्ड में पानी की किल्लत को लेकर विरोध जताया। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार शिकायतों के बावजूद भी पानी की समस्या का समाधान नहीं किया गया, जिससे लोगों को इस गर्मी में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गुस्साए पार्षदों ने मेयर पर पानी डालकर अपना विरोध जताया।
कांग्रेस पार्षदों ने किया विरोध, सदन में हंगामा
मेयर नंदलाल देवांगन और कांग्रेस पार्षदों ने इस घटना पर कड़ी आपत्ति जताई। कांग्रेस पार्षदों ने कहा कि भाजपा पार्षदों का यह व्यवहार असंसदीय और अनुचित है। हालांकि, इस हंगामे के बावजूद नगर निगम का करीब 150 करोड़ रुपये का बजट पेश किया गया। सदन में लंबे समय तक हंगामा चलता रहा, जिससे कार्यवाही बाधित रही।
बीजेपी पार्षदों का आरोप, पानी के लिए तरस रहे लोग
भाजपा पार्षदों ने आरोप लगाया कि उनके वार्डों में पानी की गंभीर समस्या बनी हुई है। उन्होंने कई बार नगर निगम प्रशासन से शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। गर्मी के मौसम में लोगों को पीने का पानी तक नहीं मिल रहा, छोटे बच्चे पानी के लिए परेशान हो रहे हैं। इसी वजह से भाजपा पार्षदों ने आज विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही पानी की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आगे बड़ा आंदोलन किया जाएगा।