यूपी पुलिस के कॉन्स्टेबल कपिल दिनकर ने ‘इंडियाज गॉट लेटेंट 2’ में जीता दिल, शानदार गायकी पर मिले ₹1.5 लाख

वर्दी में कानून व्यवस्था संभालने वाला एक पुलिसकर्मी जब मंच पर सुरों का जादू बिखेरता है, तो हर कोई हैरान रह जाता है। ‘इंडियाज गॉट लेटेंट 2’ के नए एपिसोड में उत्तर प्रदेश पुलिस के कॉन्स्टेबल कपिल दिनकर ने अपनी गायकी, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व से दर्शकों के साथ-साथ जजों का भी दिल जीत लिया।
मंच पर आते ही छा गए कपिल दिनकर
‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ के दूसरे सीजन के दूसरे एपिसोड में उत्तर प्रदेश पुलिस के कॉन्स्टेबल कपिल दिनकर ने अपनी एंट्री से ही माहौल हल्का कर दिया। स्टेज पर आते ही उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा, “फिर से शुरू कर दिया ये? पिछली बार इसे बंद करवाकर भी मन नहीं भरा क्या?” उनकी इस बात पर शो के होस्ट समय रैना भी चौंक गए। जब समय ने पूछा कि क्या वह सिर्फ पुलिस की वर्दी पहनकर आए हैं या सच में पुलिसकर्मी हैं, तो कपिल ने मुस्कुराते हुए बताया कि वह उत्तर प्रदेश पुलिस में कॉन्स्टेबल हैं और गाना गाने आए हैं।
मां का सपना पूरा किया, अब संगीत में भी बना रहे पहचान
कपिल दिनकर का चयन वर्ष 2021 की पुलिस भर्ती में हुआ था और वर्तमान में उनकी तैनाती मेरठ में है। उन्होंने शो में बताया कि पुलिस अधिकारी बनना उनकी मां का सपना था, जबकि उनका अपना सपना संगीत की दुनिया में पहचान बनाना था। ड्यूटी के साथ-साथ वह एक लेखक भी हैं। अब तक तीन किताबें लिख चुके कपिल ने बताया कि वह आठ नई किताबों पर भी काम कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि विभाग में वह ऐसे इकलौते कर्मचारी हैं जिन्हें संगीत से जुड़े कार्यक्रमों में भाग लेने की अनुमति मिली है।
View this post on Instagram
10 में 10 नंबर और जीते ₹1.5 लाख
अपनी शानदार प्रस्तुति के बाद समय रैना ने कपिल से उत्तर प्रदेश में अपराध और पुलिसिंग को लेकर सवाल पूछा, जिस पर उन्होंने आत्मविश्वास से जवाब दिया कि उन्हें अपने काम के लिए पूरा सहयोग और स्वतंत्रता मिलती है। गाना खत्म होते ही समय रैना ने उनकी तारीफ करते हुए कहा कि भारतीय पुलिस के किसी सदस्य का शो में आना इसकी विश्वसनीयता को और बढ़ाता है। पैनल में मौजूद किकू शारदा, चंदन प्रभाकर, हर्ष लिम्बाचिया और बलराज सिंह घई ने कपिल को 10 में 10 अंक दिए। कपिल ने भी खुद को 10 अंक दिए और कुल ₹1 लाख का इनाम तथा ₹50 हजार का बोनस हासिल किया।
बड़े मंचों पर पहुंचने का सपना
एक पॉडकास्ट में कपिल दिनकर ने बताया कि उन्हें अक्षय कुमार के गेम शो ‘व्हील ऑफ फॉर्च्यून’ के लिए ऑडिशन का मौका मिला था। हालांकि अंतिम चयन नहीं हो सका, लेकिन उन्होंने इसे अपने लिए बड़ा अनुभव बताया। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में वह मशहूर रैपर और संगीतकार यो यो हनी सिंह के साथ काम करना चाहते हैं।
कपिल दिनकर की कहानी यह साबित करती है कि प्रतिभा किसी एक पेशे की मोहताज नहीं होती। पुलिस की जिम्मेदारियों के साथ संगीत और लेखन जैसे रचनात्मक क्षेत्रों में अपनी पहचान बनाना उनके समर्पण और मेहनत का उदाहरण है। ‘इंडियाज गॉट लेटेंट 2’ में उनका प्रदर्शन न सिर्फ मनोरंजन का केंद्र बना, बल्कि लाखों युवाओं के लिए यह संदेश भी छोड़ गया कि अगर जुनून सच्चा हो, तो सपनों को नई उड़ान जरूर मिलती है।





