अंतर्राष्ट्रीय

विश्वभर में गूंजा योग का मंत्र, मोदी के नेतृत्व में विशाखापत्तनम से हुई ऐतिहासिक शुरुआत

आज पूरे विश्व में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का उत्सव बड़े जोश और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। भारत से लेकर अमेरिका तक हर देश में लोग योग करके स्वास्थ्य और फिटनेस के प्रति जागरूकता दिखा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम से योग दिवस का नेतृत्व किया। यहां तीन लाख से ज्यादा लोग एक साथ योग कर रहे हैं जो अपने आप में एक ऐतिहासिक दृश्य है। देश के कोने-कोने में योग को लेकर अलग-अलग स्थानों पर समूहिक कार्यक्रम रखे गए हैं। भारत में ही तीन लाख से ज्यादा जगहों पर लोग सामूहिक रूप से योग कर रहे हैं और विश्व को एकता और शांति का संदेश दे रहे हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने योग दिवस पर अपने संदेश में कहा कि जब कोई व्यक्ति अपने स्वार्थ से ऊपर उठकर समाज के बारे में सोचता है तभी पूरी मानवता का भला होता है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति हमें ‘सर्वे भवन्तु सुखिनः’ का संदेश देती है, यानी सभी के कल्याण की भावना ही हमारी जिम्मेदारी है। पीएम मोदी ने आगे कहा कि ‘मैं से हम की यात्रा’ सेवा, समर्पण और सह-अस्तित्व का आधार है। आज दुनिया में अनेक जगहों पर तनाव और अशांति फैल रही है और ऐसे समय में योग शांति का रास्ता दिखाने वाला साधन बनता है। योग सिर्फ एक शारीरिक क्रिया नहीं बल्कि मानसिक शांति और आत्मिक संतुलन का माध्यम भी है।

न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर में अनुपम खेर ने किया योग

बॉलीवुड अभिनेता अनुपम खेर ने अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर में टाइम्स स्क्वायर पर आयोजित योग कार्यक्रम में हिस्सा लिया। यह कार्यक्रम CGI न्यूयॉर्क और टाइम्स स्क्वायर के सहयोग से हुआ। अनुपम खेर ने कहा, “मैं बहुत खुश हूं कि दुनिया की सबसे प्रतिष्ठित जगह टाइम्स स्क्वायर पर योग दिवस मना रहा हूं। यह पहल 11 साल पहले हमारे प्यारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने की थी। मेरे नाना योग शिक्षक थे और मैंने बचपन से योग को अपने जीवन का हिस्सा देखा है। मैं खुद योग करता हूं और मुझे लगता है कि यह मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य के लिए बहुत जरूरी है। यह दुनिया के लिए शांति और संतुलन का संदेश है।”

समुद्र में तैनात जहाजों पर भी मनाया गया योग दिवस

योग दिवस का आयोजन समुद्र में तैनात भारतीय नौसेना के जहाजों पर भी किया गया। विशाखापट्टनम के तट से सटे INS पर 11,000 से अधिक नौसैनिकों और उनके परिवारों ने प्रधानमंत्री के साथ योग किया। RK Beach के 30 किलोमीटर लंबे तट पर करीब 10 अलग-अलग क्षेत्रों में इन सभी ने सामूहिक योग किया। यह आयोजन ना केवल ऐतिहासिक था बल्कि इसका उद्देश्य देशवासियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना भी था। वहीं, मारीशस की राजधानी पोर्ट लुईस में तैनात भारतीय युद्धपोत ‘INS Teg’ पर भी योग सत्र आयोजित किया गया जिसमें भारतीय नौसेना, मारीशस कोस्ट गार्ड और भारतीय समुदाय के सदस्य शामिल हुए। यह योग दिवस का हिस्सा ही नहीं बल्कि भारत-मारीशस मैत्री का प्रतीक भी बना।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Discover more from Media Auditor

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue Reading

%d