उत्तर प्रदेश

KGMU में अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई के दौरान हुआ बवाल, कई थानों की फोर्स तैनात

शनिवार सुबह लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी यानी केजीएमयू में जबरदस्त हंगामा हो गया। अस्पताल परिसर के अंदर बने दरगाह के आसपास का अतिक्रमण हटाने पहुंची डॉक्टरों और पुलिस की टीम पर पथराव कर दिया गया। जैसे ही इस घटना की सूचना फैली तो बड़ी संख्या में जूनियर और सीनियर डॉक्टरों के साथ प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। हालात को संभालने के लिए कई थानों की पुलिस फोर्स भी तैनात कर दी गई।

अतिक्रमण हटाने पहुंचे डॉक्टरों पर बरसे पत्थर

केजीएमयू के नेत्र विभाग के पीछे हजरत क़वामुद्दीन हाजी हारमण साहब की दरगाह के आसपास लंबे समय से अतिक्रमण फैला हुआ था। शनिवार सुबह डॉक्टरों की एक टीम पुलिस के साथ मिलकर अतिक्रमण हटाने पहुंची। तभी वहां मौजूद अतिक्रमणकारियों ने टीम पर अचानक पत्थरबाजी शुरू कर दी। इस पथराव में दो डॉक्टरों के घायल होने की भी खबर है। घटना के बाद परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और सुरक्षा के मद्देनजर दरगाह के पास किसी को जाने से रोक दिया गया।

KGMU में अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई के दौरान हुआ बवाल, कई थानों की फोर्स तैनात

बवाल की सूचना पर पहुंचे डॉक्टर और पुलिस बल

जैसे ही पथराव की सूचना अन्य डॉक्टरों को मिली तो बड़ी संख्या में जूनियर और सीनियर डॉक्टर मौके पर पहुंच गए। कई थाना क्षेत्रों की पुलिस फोर्स को भी तुरंत बुला लिया गया। पुलिस ने पूरे इलाके को घेर लिया और हालात को नियंत्रण में लेने की कोशिश शुरू कर दी। डॉक्टरों और प्रशासनिक अधिकारियों ने एकजुट होकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को आगे बढ़ाया। घटना को देखते हुए अस्पताल में आने-जाने वाले मरीजों और आम लोगों की आवाजाही पर भी कुछ देर के लिए रोक लगा दी गई।

विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंचे

हंगामे की खबर जैसे ही बाहर फैली वैसे ही विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता भी केजीएमयू पहुंच गए। उन्होंने भी मौके पर प्रशासन से बातचीत कर स्थिति का जायजा लिया। हालांकि पुलिस ने मौके पर मौजूद सभी लोगों को शांत कराया और अपील की कि कानून व्यवस्था बनाए रखें। पूरे मामले को लेकर अस्पताल प्रशासन ने सख्त कदम उठाने की तैयारी कर ली है। इस घटना के बाद केजीएमयू परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और अतिक्रमण हटाने का अभियान भी जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button