रीवा रेंज में व्हाट्सऐप लीक का खेल! गोपनीयता तार-तार, मुखबिरों की जान पर मंडरा रहा खतरा

Dainik Mediaauditor.रीवा रेंज में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर एक बड़ा और गंभीर सवाल खड़ा हो गया है। आरोप है कि जिन सूचनाओं को सख्त गोपनीयता में रखा जाना चाहिए वही अब व्हाट्सऐप और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर खुलकर परोसी जा रही हैं। इस कथित लापरवाही ने न सिर्फ पुलिस सिस्टम की साख को झटका दिया है बल्कि मुखबिरों की सुरक्षा को भी सीधे खतरे में डाल दिया है।
सूत्र बताते हैं कि कई मामलों में कार्रवाई से पहले ही पूरी प्लानिंग और जानकारी व्हाट्सऐप ग्रुप्स में वायरल हो जाती है। इतना ही नहीं कुछ मामलों में यह जानकारी यूट्यूब चैनलों तक भी पहुंच रही है। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर किस स्तर पर यह लीक हो रहा है और क्यों? क्या कुछ अधिकारी फेमस होने की चाह में विभागीय नियमों को दरकिनार कर रहे हैं?
मामला यहीं खत्म नहीं होता। जानकारों के मुताबिक इस तरह की लीक से अपराधियों को पहले ही भनक लग जाती है जिससे वे या तो फरार हो जाते हैं या सबूत मिटाने में सफल हो जाते हैं। इसका सीधा असर पुलिस की कार्रवाई पर पड़ता है जो पहले से ही धीमी गति के आरोपों से घिरी हुई है।
इस पूरे घटनाक्रम में सबसे ज्यादा खतरा उन मुखबिरों को है जो अपनी जान जोखिम में डालकर पुलिस को महत्वपूर्ण सूचनाएं देते हैं। यदि उनकी पहचान उजागर होती है तो यह उनके लिए जानलेवा साबित हो सकता है। पहले भी सोहागी थाना क्षेत्र की सोनौरी चौकी से जुड़ा मामला सामने आया था जिसमें आरोप लगे थे कि पुलिस खुद मुखबिर तक पहुंचकर दबाव बनाने का प्रयास कर रही थी। अब सेमरिया थाना क्षेत्र की हालिया घटनाएं भी इसी ओर इशारा कर रही हैं कि स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस की कार्रवाई अब उस पैसेंजर ट्रेन जैसी हो गई है जो हर स्टेशन पर रुकती है। यानी ना तो कार्रवाई में तेजी है और ना ही गोपनीयता का पालन। मेमोरेन्डम के आरोपियों को समय पर न्यायालय में पेश करने के बजाय उन्हें थानों में मेहमान की तरह रखने के आरोप भी सामने आ रहे हैं जिससे कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
लोगों का मानना है कि यह केवल एक प्रशासनिक चूक नहीं बल्कि एक गंभीर सुरक्षा खामी है। यदि समय रहते इस पर कड़ा एक्शन नहीं लिया गया तो पूरा मुखबिर नेटवर्क ध्वस्त हो सकता है जिससे अपराधियों के हौसले बुलंद होंगे।
अब नजरें वरिष्ठ अधिकारियों पर टिकी हैं। क्या वे इस व्हाट्सऐप लीक के खेल पर लगाम लगाएंगे? क्या दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी? या फिर यह मामला भी कागजों में दबकर रह जाएगा?
रीवा रेंज की पुलिस के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती है अपनी साख बचाने की और उस भरोसे को कायम रखने की जो आम जनता और मुखबिरों ने अब तक उस पर किया है।





