MP पुलिस का अवैध हथियारों पर कड़ा प्रहार ,10 दिनों में 15 हथियार बरामद, 10 आरोपी गिरफ्तार

Dainikmediaauditor.in (भोपाल न्यूज़) मध्यप्रदेश पुलिस ने अवैध हथियारों पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान में एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की है। प्रदेश के विभिन्न जिलों में पिछले दस दिनों के भीतर की गई कार्रवाईयों में पुलिस ने कुल 15 अवैध हथियार बरामद किए हैं, जिनमें देशी पिस्टल, अधिया और कट्टे शामिल हैं। साथ ही 10 आरोपियों की गिरफ्तारी कर उन्हें पुलिस हिरासत में लिया गया है। यह उपलब्धि राज्य में बढ़ते अवैध हथियारों के नेटवर्क पर पुलिस की सख्त कार्रवाई का प्रमाण है।
बड़वानी: जुलवानिया पुलिस की त्वरित कार्रवाई :- जिलाबड़वानी के जुलवानिया थाना क्षेत्र में मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बड़ी सफलता प्राप्त की। आरोपी सीताराम सिकलीगर को तीन देशी पिस्टलों के साथ गिरफ्तार किया गया। आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
सागर: वाहन से हो रही थी हथियारों की तस्करी :- थाना सिविल लाइन पुलिस ने एक वाहन से अवैध हथियार ले जा रहे आरोपी को धर दबोचा। तलाशी में 2 पिस्टल, 4 जिंदा राउंड, 2 चाकू तथा एक मारुति वैन जप्त की गई। पुलिस का मानना है कि आरोपी किसी बड़े नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है।
इंदौर: राऊ पुलिस ने पकड़े अंतरराज्यीय बदमाश :- इंदौर के थाना राऊ पुलिस ने हरियाणा और दिल्ली से जुड़े तीन अंतरराज्यीय बदमाशों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 4 देशी पिस्टल और 2 मैगजीन बरामद की गईं। पुलिस के अनुसार ये आरोपी प्रदेश में हथियार सप्लाई करने की फिराक में थे।
शिवपुरी: करैरा व गोवर्धन पुलिस की संयुक्त सफलता :- थाना करैरा पुलिस ने एक आरोपी से 315 बोर देशी अधिया और एक कारतूस बरामद कर उसे गिरफ्तार किया। वहीं थाना गोवर्धन पुलिस ने अवैध हथियार रखने वाले आरोपी से 315 बोर का कट्टा, दो जिंदा राउंड और एक मोटरसाइकिल जप्त की।
छतरपुर: तीन स्थानों पर लगातार कार्रवाई :- छतरपुर जिले के बड़ामलहरा सटई और गौरिहार थाना क्षेत्रों में पुलिस ने गश्त के दौरान तीन अलग-अलग आरोपियों को पकड़ा। बड़ामलहरा पुलिस ने एक आरोपी से देशी पिस्टल व कारतूस बरामद किए। सटई पुलिस ने 315 बोर देशी कट्टे के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया। गौरिहार पुलिस ने आदतन अपराधी उदयभान से हथियार बरामद किए। उदयभान पर हत्या के प्रयास, लूट और अवैध हथियार रखने के 17 पुराने मामले दर्ज हैं।
मुरैना: सोशल मीडिया निगरानी से गिरफ्तारी :- थाना अंबाह पुलिस ने सोशल मीडिया पर अवैध हथियार का प्रदर्शन कर रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से 32 बोर की पिस्टल, तीन मैगजीन और 18 जिंदा राउंड बरामद किए गए। यह कार्रवाई साइबर मॉनिटरिंग और डिजिटल सर्विलांस का महत्वपूर्ण उदाहरण मानी जा रही है।
पुलिस का सख्त संदेश,अवैध हथियारों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस:- प्रदेश में लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से स्पष्ट है कि मध्यप्रदेश पुलिस अवैध हथियारों के खिलाफ सख्त रुख अपनाए हुए है। पुलिस मुख्यालय का कहना है कि अवैध हथियारों की आपूर्ति निर्माण और खरीद-फरोख्त पर अंकुश के लिए विशेष अभियान आगामी दिनों में और भी तीव्र किया जाएगा।







