मनोरंजन

Deepika Kakkar की 14 घंटे की सर्जरी के बाद छलके आंसू, कैंसर से जंग की कहानी आई सामने

टीवी इंडस्ट्री की जानी-मानी एक्ट्रेस दीपिका कक्कड़ इब्राहिम इन दिनों एक गंभीर बीमारी से लड़ रही हैं। उनके लिवर में टेनिस बॉल के आकार का ट्यूमर पाया गया था जिसे बाद में कैंसर बताया गया। इसके बाद दीपिका की करीब 14 घंटे लंबी सर्जरी की गई। अब राहत की बात यह है कि दीपिका की हालत पहले से बेहतर है और वह धीरे-धीरे रिकवरी कर रही हैं। हालांकि अभी भी उन्हें सर्जरी के बाद की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। दीपिका के पति और टीवी अभिनेता शोएब इब्राहिम ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक इमोशनल वीडियो शेयर किया जिसमें दीपिका की हॉस्पिटल के बाद की हालत दिखाई गई।

वीडियो में जब शोएब ने दीपिका से बात करवाई तो वह बात करते हुए भावुक हो गईं और रो पड़ीं। दीपिका ने कहा, ‘कहने को कुछ नहीं है। सर्जरी के बाद मैं बहुत इमोशनल हो गई हूं। पहले भी थी लेकिन अब और ज्यादा हो गई हूं। छोटी-छोटी बातों पर रोना आ जाता है।’ उन्होंने अपने फैंस को धन्यवाद देते हुए कहा कि हॉस्पिटल में भी बहुत सारे लोग उन्हें पहचानते थे और उनके लिए दुआ कर रहे थे। कई नर्सें और मरीजों के परिजन भी उन्हें हिम्मत देते रहे। दीपिका ने कहा, ‘हॉस्पिटल में भी लोग कहते थे कि मैम आप जल्दी ठीक हो जाओगी। यह सब बहुत इमोशनल था।’

सर्जरी के बाद खांसी बनी परेशानी, फिर भी हिम्मत नहीं हारी

दीपिका ने बताया कि सर्जरी के बाद उन्हें खांसी हो गई थी जिससे टांकों में काफी तकलीफ होती थी लेकिन अब हालत बेहतर है। वीडियो की शुरुआत में दीपिका को नाश्ता करते हुए दिखाया गया है। वह हॉस्पिटल के कपड़ों में नजर आती हैं और उनके चेहरे पर पट्टी लगी हुई थी जिसमें मेडिकल डिवाइसेज भी जुड़ी हुई थीं। इस वीडियो में साफ नजर आता है कि दीपिका बहुत थकी हुई और कमजोर दिख रही थीं लेकिन फिर भी उन्होंने हिम्मत नहीं हारी। शोएब ने भी अपने फैंस को धन्यवाद कहा और बताया कि उनका बेटा रुहान अब ठीक है और परिवार उसका ध्यान अच्छे से रख रहा है।

शोएब की भावुक यात्रा और बेटे रुहान से मिलकर खिला दीपिका का चेहरा

वीडियो में शोएब ने बताया कि इस मुश्किल समय में उन्हें अपने परिवार और स्टाफ का जबरदस्त साथ मिला। उन्होंने कहा कि मेरे घर पर काम करने वाले लोग अपने घर नहीं गए और मेरे परिवार की तरह हमारे साथ खड़े रहे। मेरी मां ने बहुत मदद की और दीपिका की मां भी लगातार हमारे साथ रहीं। शोएब ने बताया कि जब दीपिका हॉस्पिटल में थीं तब उनका बेटा रुहान घर पर था और पूरे परिवार ने मिलकर उसकी देखभाल की। उन्होंने कहा, ‘मम्मी और परिवार के बाकी सदस्य रुहान को घुमाने ले जाते थे ताकि उसका ध्यान बंटा रहे।’ वीडियो के अंत में सबसे भावुक पल तब आया जब दीपिका की मां, शोएब की मां और उनका बेटा रुहान हॉस्पिटल में दीपिका से मिलने पहुंचे। जैसे ही दीपिका ने अपने बेटे को देखा उनके चेहरे पर मुस्कान लौट आई। वीडियो में देखा जा सकता है कि रुहान अपनी मां से खेल रहा है और दीपिका उसे देखकर बेहद खुश हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button