ब्राउन छिलका और हरे दिल का चमत्कार: कीवी खाने के फायदे जानकर चौंक जाएंगे

कीवी फल को न्यूज़ीलैंड का ‘रत्न’ कहा जाता है क्योंकि यह आकार में छोटा होते हुए भी सेहत के लिए किसी खजाने से कम नहीं है। बाहर से भूरे रंग की खुरदरी छिलके वाली और अंदर से हरे या सुनहरे गूदे वाली यह फल दिखने में जितनी खास होती है उतनी ही पौष्टिक भी होती है। इसका स्वाद न सिर्फ लाजवाब होता है बल्कि इसके अंदर छिपे विटामिन्स और मिनरल्स शरीर को मजबूत और स्वस्थ रखने में मदद करते हैं।
कीवी का वैज्ञानिक नाम Actinidia deliciosa है और यह एक बेल पर उगने वाला फल है। यह बेल लकड़ी जैसी होती है और फल के ऊपर छोटे-छोटे बालों वाली परत होती है। पहले यह फल केवल न्यूज़ीलैंड में लोकप्रिय था लेकिन अब इसे भारत, इटली, ऑस्ट्रेलिया सहित कई देशों में उगाया जा रहा है। कीवी के दो मुख्य प्रकार होते हैं—ग्रीन कीवी और गोल्डन कीवी। ग्रीन कीवी थोड़ा खट्टा और गोल्डन कीवी मीठा और रसीला होता है। दोनों ही प्रकार पोषक तत्वों से भरपूर होते हैं और स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद माने जाते हैं।
पोषक तत्वों का खजाना है कीवी फल
कीवी को सुपरफूड कहा जाता है क्योंकि इसमें विटामिन C, E, K, फाइबर, पोटैशियम, कैल्शियम और एंटीऑक्सीडेंट्स प्रचुर मात्रा में होते हैं। नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ के अनुसार, 75 ग्राम कीवी में एक दिन की जरूरत का लगभग 100 प्रतिशत विटामिन C पाया जाता है जो शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाता है। इसमें पाए जाने वाला पोटैशियम ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करता है और फाइबर पाचन तंत्र को बेहतर बनाता है। इसके अलावा ल्यूटिन और ज़ेक्सैन्थिन जैसे एंटीऑक्सीडेंट आंखों की रोशनी के लिए जरूरी होते हैं। कीवी में ग्लाइसेमिक इंडेक्स कम होता है जिससे यह डायबिटीज़ मरीजों और वजन नियंत्रित करने वालों के लिए एक अच्छा विकल्प बन जाता है।
सेहत को कैसे फायदा पहुंचाता है कीवी
कीवी फल नियमित रूप से खाने से शरीर की इम्युनिटी मजबूत होती है जिससे सर्दी, जुकाम और अन्य संक्रमणों से बचाव होता है। इसमें मौजूद फाइबर और एक खास एंजाइम एक्टिनिडिन पाचन क्रिया को दुरुस्त करते हैं और कब्ज, गैस व पेट की सूजन जैसी समस्याओं से राहत दिलाते हैं। कीवी दिल के लिए भी फायदेमंद है क्योंकि यह कोलेस्ट्रॉल कम करता है और ब्लड प्रेशर को संतुलित रखता है। आंखों की सुरक्षा, हड्डियों की मजबूती, दांतों और मसूड़ों की सेहत और त्वचा की चमक बनाए रखने में भी यह फल मददगार है। इस छोटे से फल में बड़े-बड़े फायदे छिपे हैं जो शरीर को अंदर से स्वस्थ और ताजगी से भरपूर बनाते हैं।