राष्ट्रीय

Mandi House से Connaught Place तक चलेगी झाड़ू की आंधी! क्या बदलेगा दिल्ली का चेहरा?

दिल्ली में सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए न्यू दिल्ली म्यूनिसिपल काउंसिल यानी एनडीएमसी ने 20 दिन का मेगा स्वच्छता अभियान शुरू किया है। इस अभियान की शुरुआत एनडीएमसी के चेयरमैन केशव चंद्र ने मंडी हाउस सर्कल और बांग्ला मार्केट के बीच सफदर हाशमी मार्ग से की। यह अभियान राजधानी में सार्वजनिक स्थानों की सफाई के उद्देश्य से शुरू किया गया है। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता द्वारा पिछले हफ्ते घोषित किए गए व्यापक शहरव्यापी स्वच्छता अभियान का यह हिस्सा है। यह स्वच्छता अभियान 3 मई से आरंभ किया गया है।

बीस दिन तक सड़क पर रहेंगे अधिकारी और कर्मचारी

एनडीएमसी के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने बताया कि यह अभियान दिल्ली को साफ और स्वस्थ बनाने की दिशा में बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का भी यही संदेश है कि जिस तरह प्रधानमंत्री मोदी ने स्वच्छ भारत का संकल्प लिया है उसी तरह हम दिल्ली को साफ करेंगे। इस अभियान में एनडीएमसी के सभी अधिकारी और कर्मचारी अगले बीस दिन तक सड़कों पर रहकर सक्रिय भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के साथ विकसित दिल्ली और विकसित एनडीएमसी की ओर यह एक असरदार पहल होगी। उन्होंने भरोसा जताया कि इस अभियान के परिणाम दिल्ली की साफ-सफाई में स्पष्ट तौर पर दिखाई देंगे।

मुख्यमंत्री ने खुद की मंदिर परिसर की सफाई

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी इस अभियान में अपनी भागीदारी निभाई। उन्होंने कनॉट प्लेस स्थित हनुमान मंदिर परिसर में स्वच्छता अभियान में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने मंदिर में पूजा-अर्चना भी की। मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि यह सिर्फ सरकारी या एजेंसी की जिम्मेदारी नहीं है बल्कि हर नागरिक की भी है कि वह इस अभियान में हिस्सा ले। उन्होंने कहा कि सभी को अब सड़कों पर उतरकर इस स्वच्छता अभियान में भाग लेना चाहिए ताकि राजधानी दिल्ली को साफ, सुंदर और स्वस्थ बनाया जा सके। मुख्यमंत्री के अनुसार साफ-सुथरी दिल्ली लोगों का अधिकार है और इसे पाने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करने होंगे।

जन भागीदारी से बदलेगी दिल्ली की तस्वीर

एनडीएमसी के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने भी इस अवसर पर कहा कि यह स्वच्छता अभियान केवल एक औपचारिकता नहीं है बल्कि यह दिल्ली को स्वच्छ और सुंदर बनाने की दिशा में ठोस कदम है। उन्होंने बताया कि इस अभियान के दौरान सड़कों, पार्कों, मंदिर परिसरों और अन्य सार्वजनिक स्थानों की विशेष सफाई की जाएगी। स्थानीय लोगों, सामाजिक संगठनों और स्कूलों को भी इसमें जोड़ा जा रहा है ताकि जन भागीदारी से इस अभियान को मजबूती मिले। उन्होंने विश्वास जताया कि अगर सब मिलकर काम करें तो दिल्ली की तस्वीर बदली जा सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button