21 मई का मुकाबला तय करेगा आईपीएल 2025 के प्लेऑफ का आखिरी चेहरा मुंबई या दिल्ली

21 मई 2025 का दिन इंडियन प्रीमियर लीग के इतिहास में बेहद खास होने वाला है क्योंकि आज का मैच तय करेगा कि प्लेऑफ में चौथी और आखिरी टीम कौन सी होगी। आज वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स की टीमें आमने-सामने होंगी। इस मुकाबले को जीतने वाली टीम प्लेऑफ में पहुंच सकती है जबकि हारने वाली टीम का सफर यहीं खत्म हो सकता है। खास बात ये है कि ये मैच मुंबई की होम ग्राउंड पर हो रहा है जहां उसका रिकॉर्ड शानदार रहा है और इससे उसे बढ़त मिल सकती है।
मुंबई इंडियंस के पास आज प्लेऑफ में पहुंचने का सीधा मौका है। हार्दिक पांड्या की कप्तानी में मुंबई अगर आज दिल्ली को हरा देती है तो उसके 16 अंक हो जाएंगे और वह प्लेऑफ की चौथी टीम बन जाएगी। वहीं दिल्ली कैपिटल्स के लिए यह मुकाबला करो या मरो जैसा है क्योंकि अगर वे यह मैच हारते हैं तो उनका प्लेऑफ का सपना टूट जाएगा। दिल्ली को इस मैच के बाद पंजाब किंग्स से भी भिड़ना है और अगर वह दोनों मैच नहीं जीतती तो बाहर हो जाएगी। इसके अलावा वानखेड़े में दिल्ली का रिकॉर्ड भी कमजोर रहा है जिससे उसकी चुनौती और कठिन हो जाती है।
हेड टू हेड में मुंबई का पलड़ा भारी
अगर हम मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेले गए अब तक के मैचों की बात करें तो आंकड़े मुंबई के पक्ष में हैं। दोनों टीमों के बीच अब तक 36 मैच खेले गए हैं जिनमें मुंबई ने 20 बार जीत दर्ज की है जबकि दिल्ली केवल 16 मैच ही जीत सकी है। वानखेड़े स्टेडियम में तो यह अंतर और भी ज्यादा साफ दिखता है। यहां दोनों के बीच कुल 10 मुकाबले हुए हैं जिनमें से मुंबई ने 7 मैच जीते हैं और दिल्ली केवल 3 बार जीत पाई है। इस आंकड़े को देखते हुए मुंबई को मनोवैज्ञानिक बढ़त जरूर मिलती है।
टीमें होंगी पूरी ताकत के साथ मैदान में
दोनों टीमें आज के मुकाबले में अपनी पूरी ताकत झोंक देंगी। मुंबई इंडियंस की संभावित प्लेइंग इलेवन में रयान रिकेलटन विकेटकीपर होंगे जबकि रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव जैसे अनुभवी बल्लेबाज टीम को मजबूती देंगे। हार्दिक पांड्या की अगुवाई में मिचेल सैंटनर, बुमराह और ट्रेंट बोल्ट जैसे धुरंधर गेंदबाज मौजूद होंगे। वहीं दिल्ली कैपिटल्स की ओर से कप्तानी की जिम्मेदारी अक्षर पटेल संभालेंगे और उनके साथ केएल राहुल, फाफ डु प्लेसिस और त्रिस्टन स्टब्स जैसे बल्लेबाज होंगे। गेंदबाजी में मुस्तफिजुर रहमान और कुलदीप यादव पर नजरें होंगी। क्रिकेट प्रेमियों को आज एक बेहद रोमांचक मुकाबला देखने को मिल सकता है क्योंकि दोनों टीमें प्लेऑफ में पहुंचने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेंगी।