दिल्ली के दिल में दहशत, नाबालिग की चाकू मारकर हत्या की रोंगटे खड़े कर देने वाली कहानी

देश की राजधानी दिल्ली एक बार फिर दिल दहला देने वाली वारदात से हिल गई है। बुराड़ी इलाके में एक नाबालिग लड़के की दिनदहाड़े चाकू मारकर हत्या कर दी गई। इस वारदात की वीडियो भी सामने आ गई है जिसमें आरोपी युवक नाबालिग पर एक के बाद एक चाकू से हमला करता दिख रहा है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने लड़के पर 15 से ज्यादा बार चाकू से वार किया। यह पूरी घटना गुरुवार दोपहर की है जो गांधी चौक के पास पिंकी कॉलोनी की बताई जा रही है।
घटना के बाद घायल हालत में पहुंचाया गया अस्पताल
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घायल लड़के को तुरंत पास के अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि PCR को दोपहर 2:32 बजे कॉल आई थी जिसमें बताया गया कि एक नाबालिग लड़के पर कई बार चाकू से हमला हुआ है और वह खून से लथपथ हालत में पड़ा है। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर लड़के को अस्पताल पहुंचाया लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं पाए।
CCTV फुटेज से हुआ खुलासा, आरोपी फरार
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि मृतक लड़का अपने एक दोस्त के साथ घर लौट रहा था। तभी रास्ते में आरोपी ने दोनों को रोका और नाबालिग पर चाकू से हमला कर दिया। उसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। इस पूरे घटनाक्रम की तस्वीरें पास के एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई हैं। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि आरोपी बेरहमी से लड़के पर वार कर रहा है और आसपास लोग डरे-सहमे खड़े हैं।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच जारी
फिलहाल पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान 16 साल के एक लड़के के रूप में हुई है जो भलस्वा इलाके का रहने वाला था। पुलिस ने मृतक के दोस्त का बयान भी दर्ज कर लिया है जो घटना के वक्त उसके साथ था। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश के लिए टीम बनाई गई है और जल्द ही गिरफ्तारी हो सकती है। साथ ही CCTV फुटेज की भी गहराई से जांच की जा रही है ताकि इस हत्या के पीछे की वजह सामने आ सके।