शक्ति दुबे के UPSC टॉप करने पर पिता ने कहा- बेटी ने पूरा किया हमारा सपना!

यूनियन पब्लिक सर्विस कमीशन यानी UPSC ने सिविल सेवा परीक्षा 2024 का रिजल्ट जारी कर दिया है। इस बार उत्तर प्रदेश के प्रयागराज की रहने वाली शक्ति दुबे ने ऑल इंडिया रैंक 1 हासिल करके इतिहास रच दिया है। जैसे ही यह खबर घर पहुंची वैसे ही पूरे मोहल्ले और परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई। सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें शक्ति दुबे के घरवाले मिठाई बांटते नजर आ रहे हैं और एक-दूसरे को बधाई दे रहे हैं। इस बड़ी सफलता पर शक्ति के माता-पिता ने भी मीडिया से बात की और अपनी खुशी जाहिर की।
शक्ति के पिता ने कहा – भगवान ने बेटी की मेहनत रंग लाई
शक्ति दुबे के पिता देवेंद्र दुबे ने बेटी की इस कामयाबी पर मीडिया से बातचीत में कहा कि उन्हें बहुत अच्छा लग रहा है। उन्होंने कहा कि भगवान ने बेटी की मेहनत का फल दिया है। उन्होंने बताया कि हमें उम्मीद थी कि वह जरूर सफल होगी क्योंकि वह शुरू से पढ़ाई में होशियार थी और दिन-रात मेहनत करती थी। उन्होंने कहा कि हमें पहले से लगता था कि यह लड़की कुछ बड़ा करेगी। पिछले साल भी वह इंटरव्यू तक पहुंची थी लेकिन सिलेक्शन नहीं हुआ था। लेकिन इस बार भगवान ने बड़ी सफलता दी है। उन्होंने आगे बताया कि इस वक्त बेटी घर पर नहीं है लेकिन बुधवार को लौटेगी।
शक्ति की मां बोलीं – महादेव की कृपा से मिला आशीर्वाद
शक्ति की मां प्रेमा दुबे ने बेटी की सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि बहुत अच्छा लग रहा है। हर तरफ से बधाइयां मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि हमें भरोसा था कि शक्ति जरूर सफल होगी क्योंकि वह हमेशा हर क्लास में टॉप करती थी। उन्होंने बताया कि यह सब महादेव की कृपा है। उन्होंने कहा कि हमारे तीन बच्चे हैं और सभी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। शक्ति की मेहनत और लगन को उन्होंने अपनी मां की नजर से महसूस किया और कहा कि यह खुशी सिर्फ हमारे घर की नहीं बल्कि पूरे शहर की है। शक्ति की सफलता से हर माता-पिता को अपने बच्चों में उम्मीद नजर आने लगी है।
कौन हैं शक्ति दुबे और कैसी रही उनकी पढ़ाई?
शक्ति दुबे उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले की रहने वाली हैं। उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा और स्नातक की पढ़ाई प्रयागराज से ही की है। शक्ति ने इलाहाबाद यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन किया है जबकि पोस्ट ग्रेजुएशन बनारस हिन्दू यूनिवर्सिटी से किया है। उन्होंने बायोकैमिस्ट्री में मास्टर्स डिग्री हासिल की है। शक्ति 2018 से सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रही थीं और इस बार उन्होंने अपनी मेहनत और धैर्य से देशभर में पहला स्थान हासिल किया है। एक मॉक इंटरव्यू में शक्ति ने बताया था कि उन्होंने कभी हार नहीं मानी और हर बार पहले से ज्यादा मेहनत की। उनकी यह लगन और विश्वास ही उन्हें इस मुकाम तक लेकर आया।
शक्ति की इस सफलता से यह साबित होता है कि कड़ी मेहनत और सच्ची लगन से कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है। प्रयागराज की इस बेटी ने न सिर्फ अपने परिवार का नाम रोशन किया है बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश और देश का भी गौरव बढ़ाया है। अब देश को शक्ति जैसी ईमानदार और मेहनती अफसरों की जरूरत है जो समाज और देश की सेवा को प्राथमिकता दें। शक्ति दुबे की कहानी देश की लाखों लड़कियों के लिए प्रेरणा है कि अगर इरादे मजबूत हों तो कोई भी मंज़िल दूर नहीं।