रीवा में सनसनीखेज अंधी हत्या का खुलासा: चोरी के इरादे से घुसा आरोपी, पहचान छुपाने के लिए महिला का सिर काटकर फेंका

Media Auditor. रीवा जिले के बिछिया थाना क्षेत्र में हुई दिल दहला देने वाली अंधी हत्या की गुत्थी को पुलिस ने सुलझाते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह चौहान के निर्देशन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक राजीव पाठक के नेतृत्व में गठित टीमों ने इस जघन्य हत्याकांड का पर्दाफाश करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना का संक्षिप्त विवरण देते हुए पुलिस ने बताया कि 30 मार्च 2026 की सुबह थाना बिछिया क्षेत्र अंतर्गत लोही ब्रिज के पास एक गांव में महिला की सिर कटी लाश मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी बिछिया प्रशिक्षु आईपीएस राजीव अग्रवाल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। साथ ही वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल सूचना दी गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक स्वयं मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। मामले के शीघ्र खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए नगर पुलिस अधीक्षक राजीव पाठक के नेतृत्व में तीन विशेष टीमों का गठन किया गया जिन्हें अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर मृतिका की पहचान लीलावती पटेल (उम्र लगभग 50 वर्ष) निवासी ग्राम लोही के रूप में हुई। पुलिस द्वारा सघन तलाशी अभियान चलाया गया जिसके दौरान घटनास्थल से कुछ दूरी पर एक खेत में महिला का कटा हुआ सिर बरामद किया गया। इसके बाद एफएसएल टीम की मदद से घटनास्थल और मृतिका के घर का सूक्ष्म निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए गए।
जांच के दौरान पुलिस को मृतिका के घर में भारी मात्रा में खून मिला जिससे यह स्पष्ट हुआ कि हत्या घर के अंदर ही धारदार हथियार से की गई है। इस आधार पर थाना बिछिया में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 118/2026 धारा 103(1) एवं 238 (ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।
आरोपी तक पहुंचने के लिए पुलिस ने तकनीकी और पारंपरिक दोनों तरीकों का सहारा लिया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई साथ ही होटल ढाबों और गांव के लोगों से गहन पूछताछ की गई। जांच के दौरान पुलिस को मृतिका के पड़ोस में रहने वाले राजा केवट पर संदेह हुआ।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए राजा केवट (उम्र 30 वर्ष), निवासी ग्राम लोही को हिरासत में लेकर सख्ती और तकनीकी तरीके से पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए चौंकाने वाला खुलासा किया।
आरोपी ने बताया कि वह 29-30 मार्च की दरमियानी रात चोरी की नीयत से मृतिका के घर में घुसा था। इसी दौरान महिला की नींद खुल गई और उसने आरोपी को पहचान लिया। पकड़े जाने के डर से आरोपी ने अपने पास पहले से रखे धारदार हथियार से महिला का गला काटकर हत्या कर दी। इसके बाद पहचान छुपाने के उद्देश्य से उसने महिला का सिर काटकर दूर खेत में फेंक दिया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। इस पूरे मामले के खुलासे में थाना प्रभारी प्रशिक्षु आईपीएस राजीव अग्रवाल सहित पुलिस टीम के कई अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। घटना के खुलासे के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल कम हुआ है और पुलिस की तत्परता की सराहना की जा रही है।





