मध्य प्रदेश

मध्य प्रदेश: राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा ने किया बड़ा ऐलान, अगला चुनाव नहीं लड़ेंगे

मध्य प्रदेश के राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा ने अपने राजनीतिक करियर को लेकर बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि वह अगला चुनाव नहीं लड़ेंगे। इसके पीछे उन्होंने अपनी सेहत का हवाला दिया है। करण सिंह वर्मा ने बताया कि डॉक्टर ने उन्हें घुटने का ऑपरेशन कराने की सलाह दी है। वह इछावर सीट से विधायक हैं।

स्वास्थ्य का हवाला देकर लिया फैसला

करण सिंह वर्मा ने मंच से ऐलान करते हुए कहा कि उनकी उम्र और सेहत को देखते हुए उन्होंने विधानसभा चुनाव न लड़ने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि उनके घुटनों में काफी दर्द रहता है। जांच कराने के बाद डॉक्टर ने उन्हें ऑपरेशन कराने की सलाह दी है। यह बयान उन्होंने इछावर में मुक्तिधाम के भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान दिया। बता दें कि इछावर में एक करोड़ रुपये से अधिक की लागत से मुक्तिधाम का निर्माण होगा।

मध्य प्रदेश: राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा ने किया बड़ा ऐलान, अगला चुनाव नहीं लड़ेंगे

बातों-बातों में हंसा दी जनता

मंच से बोलते हुए करण सिंह वर्मा ने कहा कि वह आखिरी सांस तक जनता की सेवा करते रहेंगे, लेकिन चुनाव नहीं लड़ेंगे। हालांकि, इसके बाद उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि मेरी उम्र ही क्या हुई है, अभी तो सिर्फ एक साल चार महीने हुए हैं। मुझे तो पांच साल के लिए चुना गया है। मंत्री का यह बयान सुनकर वहां मौजूद लोग ठहाके लगाने लगे। उन्होंने जनता से कहा कि सरकार आपके वोट से बनती है और एक लोकप्रिय प्रधानमंत्री भी आपके वोट से चुना जाता है।

1985 से लगातार विधायक बनते आ रहे हैं करण सिंह वर्मा

करण सिंह वर्मा मध्य प्रदेश में आठ बार विधायक रह चुके हैं। 1985 से 2023 के बीच वह सिर्फ एक बार इछावर सीट से चुनाव हारे हैं। उन्होंने 1985 से 2008 तक लगातार छह चुनाव जीते। इसके बाद 2018 और 2023 में भी बीजेपी के टिकट पर विधायक बने। उनके लंबे राजनीतिक सफर के चलते उन्हें क्षेत्र में काफी लोकप्रिय नेता माना जाता है।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Discover more from Media Auditor

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue Reading

%d