राष्ट्रीय

राहुल गांधी का जन्मदिन आज, मोदी ने दी शुभकामनाएं, राजनीति में टकराव के बीच आई मिठास।

आज यानी 19 जून को कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी अपना 55वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उन्हें बधाई दी है। पीएम मोदी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर लिखा, “लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष श्री राहुल गांधी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। मैं उनके लंबे और स्वस्थ जीवन की कामना करता हूं।” राहुल गांधी का जन्म 19 जून 1970 को नई दिल्ली में हुआ था। वे पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी और कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी के पुत्र हैं। फिलहाल वे उत्तर प्रदेश की रायबरेली सीट से सांसद हैं और लोकसभा में विपक्ष के नेता हैं।

राहुल गांधी की शिक्षा और शुरुआती करियर की झलक

राहुल गांधी ने अपनी पढ़ाई भारत और विदेश दोनों जगहों से की है। उन्होंने अमेरिका के फ्लोरिडा स्थित रोलिंस कॉलेज से ग्रेजुएशन और इंग्लैंड की ट्रिनिटी कॉलेज, कैंब्रिज यूनिवर्सिटी से एम.फिल. की डिग्री प्राप्त की है। पढ़ाई के बाद उन्होंने कुछ समय तक लंदन की कंसल्टिंग फर्म मॉनिटर ग्रुप में काम किया। इसके बाद वे भारत लौटे और मुंबई में बैकऑप्स सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड नामक टेक्नोलॉजी आउटसोर्सिंग कंपनी की स्थापना की। राहुल गांधी का राजनीति में आने का फैसला 2004 में हुआ जब उन्होंने अपने पिता की पारंपरिक सीट अमेठी से चुनाव लड़ा और जीत हासिल की।

राजनीति में सफर और उतार-चढ़ाव

राहुल गांधी 2004, 2009 और 2014 में अमेठी से सांसद चुने गए। 2007 में उन्हें कांग्रेस का महासचिव बनाया गया और 2013 में वे पार्टी के उपाध्यक्ष बने। 2017 में राहुल गांधी कांग्रेस के अध्यक्ष भी बने लेकिन 2019 के लोकसभा चुनाव में पार्टी की हार के बाद उन्होंने अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया। 2019 के चुनाव में उन्हें अमेठी सीट पर स्मृति ईरानी से हार का सामना करना पड़ा लेकिन केरल के वायनाड से उन्होंने जीत दर्ज की थी। 2024 के लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी ने रायबरेली और वायनाड दोनों सीटों से चुनाव लड़ा और दोनों जगह से विजयी हुए। इसके बाद उन्होंने रायबरेली सीट को चुना और वायनाड सीट अपनी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा को सौंप दी जो अब वहां की सांसद हैं।

नेताओं ने की जमकर सराहना, कहा- देश को ऐसे नेता की जरूरत

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने राहुल गांधी को बधाई देते हुए लिखा कि राहुल गांधी उन आवाज़ों के लिए लड़ते हैं जिन्हें अक्सर नजरअंदाज कर दिया जाता है। वे संविधान और सामाजिक न्याय के लिए समर्पित नेता हैं। उन्होंने कहा कि राहुल का काम पार्टी की एकता, विविधता, करुणा और सहिष्णुता की विचारधारा को दर्शाता है। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने भी राहुल को जन्मदिन की बधाई देते हुए कहा कि “वह निडरता से फासीवादी ताकतों के खिलाफ खड़े हुए हैं और उन्होंने देश को प्रेम और न्याय का संदेश दिया है।” उन्होंने ‘भारत जोड़ो यात्रा’ और ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ का जिक्र करते हुए कहा कि इन अभियानों ने देश के लाखों लोगों में उम्मीद जगाई है। वहीं पूर्व राजस्थान मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी कहा कि राहुल गांधी सही मायनों में सामाजिक न्याय की लड़ाई लड़ रहे हैं और अब समय आ गया है कि वे देश का नेतृत्व करें और लोकतंत्र को मजबूत करें।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Discover more from Media Auditor

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue Reading

%d