खेल

निकोलस पूरण का चौंकाने वाला फैसला, संन्यास के अगले दिन बना लीग टीम का कप्तान

वेस्टइंडीज के विस्फोटक बल्लेबाज निकोलस पूरन ने अचानक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने का फैसला लेकर हर किसी को चौंका दिया। महज 29 साल की उम्र में जब खिलाड़ी अपने करियर के शीर्ष पर होते हैं तब पूरन ने इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर इसकी जानकारी दी। फैंस भी हैरान रह गए और सोशल मीडिया पर उनकी जमकर आलोचना होने लगी। कई लोगों ने कहा कि उन्होंने पैसे को प्राथमिकता दी और अपने देश के लिए खेलने से पीछे हट गए।

इंटरनेशनल क्रिकेट छोड़ने के अगले ही दिन निकोलस पूरन को बड़ी जिम्मेदारी मिली। MI न्यूयॉर्क टीम ने उन्हें अपना नया कप्तान नियुक्त कर दिया। यह वही टीम है जिसमें पूरन ने 2023 और 2024 में भी शानदार प्रदर्शन किया था। 2023 में उन्होंने 8 मैचों में 388 रन बनाए थे और 2024 में 7 मैचों में 180 रन जोड़े थे। इन दो सीजन में उन्होंने एक शतक और तीन अर्धशतक भी जमाए। उनकी इस लगातार फॉर्म को देखते हुए टीम मैनेजमेंट ने उन्हें कप्तानी सौंप दी।

निकोलस पूरण का चौंकाने वाला फैसला, संन्यास के अगले दिन बना लीग टीम का कप्तान

किरोन पोलार्ड की जगह बने कप्तान

MI न्यूयॉर्क टीम की कप्तानी पहले वेस्टइंडीज के ही धुरंधर खिलाड़ी किरोन पोलार्ड के पास थी। अब यह जिम्मेदारी निकोलस पूरन को दी गई है। MI न्यूयॉर्क वही टीम है जो मुंबई इंडियंस की बहन फ्रेंचाइज़ी है और इसे रिलायंस इंडस्ट्रीज चलाती है। पूरन टी20 लीग क्रिकेट में बड़े नाम बन चुके हैं और दुनियाभर में कई फ्रेंचाइज़ी के लिए खेलते हैं। आईपीएल 2025 में भी उन्होंने धमाकेदार प्रदर्शन किया और 14 पारियों में 524 रन बनाए जिसमें 5 अर्धशतक शामिल थे। हालांकि उनकी टीम प्लेऑफ में नहीं पहुंच सकी।

फैसले पर छिड़ी बहस और फैंस की नाराज़गी

पूरन के इस फैसले के बाद सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। कुछ फैंस ने इसे समझदारी भरा फैसला बताया तो कईयों ने देश के प्रति उनकी प्रतिबद्धता पर सवाल उठाए। लोगों का कहना है कि वेस्टइंडीज क्रिकेट में पैसे की कमी और अस्थिरता के चलते खिलाड़ी देश की बजाय लीग क्रिकेट को तवज्जो दे रहे हैं। आईपीएल 2025 में पूरन को उनकी टीम ने 21 करोड़ रुपये में रिटेन किया था जो दर्शाता है कि लीग क्रिकेट से उन्हें कितनी बड़ी आर्थिक मदद मिलती है। वहीं वेस्टइंडीज बोर्ड से उन्हें सीमित आय मिलती थी।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Discover more from Media Auditor

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue Reading

%d