
Media Auditor.मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय में मंगलवार को भावनात्मक और गरिमामय माहौल के बीच मार्च माह में सेवानिवृत्त हुए नौ कर्मचारियों को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। नवीन पुलिस मुख्यालय भवन के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित इस विशेष समारोह में पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा ने सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों को स्मृति चिन्ह और पौधे भेंट कर उनके स्वस्थ सुखद और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समारोह के दौरान पुलिस महानिदेशक ने अपने संबोधन में कहा कि किसी भी संस्था की मजबूती उसके कर्मचारियों की निष्ठा अनुशासन और समर्पण पर निर्भर करती है। सेवानिवृत्त हो रहे ये कर्मचारी अपने लंबे सेवा काल में विभाग के लिए एक मजबूत आधार स्तंभ रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन कर्मियों की कार्यशैली अनुभव और प्रतिबद्धता आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी रहेगी।
कार्यक्रम में सेवानिवृत्त कर्मचारियों को उनके विभिन्न स्वत्व (क्लेम) भुगतान के आदेश भी प्रदान किए गए जिससे उनका सेवा काल सम्मानपूर्वक पूर्ण हो सके। पुलिस मुख्यालय परिवार ने इस अवसर को केवल एक औपचारिक विदाई न मानते हुए इसे उनके योगदान को याद करने और सम्मान देने का अवसर बनाया।
इस विदाई समारोह में विशेष पुलिस महानिदेशक आदर्श कटियार, अनिल कुमार, आशुतोष राय, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक जयदीप प्रसाद, पुलिस महानिरीक्षक हरिनारायणचारी मिश्र, उप पुलिस महानिरीक्षक तरुण नायक सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा पुलिस विभाग के अन्य कर्मचारी एवं सेवानिवृत्त कर्मियों के परिजन भी इस अवसर के साक्षी बने।
सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों में विशेष शाखा के मानसेवी उप पुलिस अधीक्षक रामनिवास यादव, प्रशासन शाखा के कार्यवाहक सहायक अधीक्षक दिनेश पाटिल, एससीआरबी के कार्यवाहक सूबेदार (एम) चंद्रप्रकाश शर्मा, शिकायत शाखा के कार्यवाहक सूबेदार (एम) महेश जयसिंघानी, प्रबंध शाखा के कार्यवाहक आंकिक/सूबेदार (एम) प्रकाश तोलानी, महिला सुरक्षा शाखा के सहायक उप निरीक्षक विजय सिंह ठाकुर, विशेष शाखा की कार्यवाहक सहायक उप निरीक्षक शोभा शर्मा, एससीआरबी के प्रधान आरक्षक गणपत राव शिंदे तथा अजाक शाखा के कार्यवाहक प्रधान आरक्षक शिवशंकर भदौरिया शामिल रहे।
समारोह के दौरान सहायक पुलिस महानिरीक्षक अंशुमान अग्रवाल ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों के सेवा काल पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने उनके कार्यों उपलब्धियों और विभाग में निभाई गई जिम्मेदारियों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन कर्मचारियों ने अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ किया है।
कार्यक्रम के अंत में भावुक क्षण भी देखने को मिले जब सहकर्मियों और अधिकारियों ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों के साथ बिताए गए समय को याद किया। कई कर्मचारियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए विभाग के साथ अपने जुड़ाव को जीवन का सबसे महत्वपूर्ण अध्याय बताया।
यह विदाई समारोह इस बात का प्रतीक रहा कि पुलिस विभाग अपने कर्मियों के योगदान को हमेशा सम्मान की दृष्टि से देखता है और सेवा निवृत्ति के बाद भी उन्हें उसी गरिमा के साथ विदा करता है जिसके वे हकदार हैं।










