मऊगंज में गोकशी का सनसनीखेज खुलासा: बंद कमरे में टुकड़ों में मिला गोवंश, पुलिस ने दबोचा आरोपी

घूरेहटा वार्ड-12 में हड़कंप, भारी मात्रा में मांस व धारदार हथियार बरामद,मुख्य आरोपी मोहम्मद शरीफ गिरफ्तार नेटवर्क की जांच शुरू
मऊगंज। मध्यप्रदेश के मऊगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत घूरेहटा वार्ड नंबर-12 में गोकशी के एक सनसनीखेज मामले का खुलासा होने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई में एक बंद कमरे से गोवंश के कटे हुए टुकड़े बरामद किए गए हैं। मौके से भारी मात्रा में मांस और गोकशी में इस्तेमाल होने वाले धारदार हथियार भी जब्त किए गए। पुलिस ने मुख्य आरोपी मोहम्मद शरीफ को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि वार्ड-12 के एक मकान में अवैध रूप से गोवंश की हत्या कर मांस तैयार किया जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी संदीप भारतीय के नेतृत्व में टीम ने तत्काल घेराबंदी कर दबिश दी। पुलिस की मौजूदगी भांपते ही आरोपी ने कमरे में ताला लगाकर भागने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद पुलिस टीम ने उसे धर दबोचा।
जब पुलिस ने बंद कमरे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो दृश्य बेहद भयावह था। कमरे के भीतर गोवंश को कई टुकड़ों में काटकर अलग-अलग हिस्सों में रखा गया था। खून के धब्बे और मांस के ढेर ने पूरे घटनास्थल को दहला दिया। मौके से गड़ासा सहित अन्य धारदार हथियार बरामद किए गए जिनका इस्तेमाल हत्या और मांस काटने में किया गया था।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी मांस को बेचने की तैयारी में था और कुछ हिस्सा अपने उपयोग के लिए भी रखा गया था। पुलिस को आशंका है कि यह कार्य अकेले संभव नहीं इसलिए एक संभावित नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या इस अवैध गतिविधि में अन्य लोग भी शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 325, पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11(1)(i) तथा मध्य प्रदेश गोवंश प्रतिषेध अधिनियम 2004 की धारा 4, 5/9 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। जब्त मांस को परीक्षण के लिए पशु चिकित्सालय भेजा गया है, ताकि वैज्ञानिक जांच के आधार पर पुष्टि की जा सके।
थाना प्रभारी संदीप भारतीय ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम ने त्वरित कार्रवाई की। आरोपी को मौके से गिरफ्तार किया गया है। जब्त सामग्री को जांच हेतु भेजा गया है और मामले की गहन जांच जारी है। यदि किसी संगठित गिरोह की संलिप्तता पाई जाती है तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद घूरेहटा वार्ड में लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस की तत्परता की सराहना की वहीं इस तरह की घटनाओं पर कड़ी निगरानी और सख्त दंड की मांग भी उठाई। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि मांस की सप्लाई कहां और किन लोगों तक की जानी थी।
मऊगंज में इस कार्रवाई के बाद अवैध गोकशी के खिलाफ पुलिस ने सख्त संदेश दिया है कि कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।





