मध्य प्रदेश

कांग्रेस से बाहर हुए लक्ष्मण सिंह, फाड़ा निष्कासन पत्र, बोले- अब बनाऊंगा नई कांग्रेस

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के छोटे भाई और पूर्व सांसद लक्ष्मण सिंह को कांग्रेस पार्टी से बाहर किए जाने के बाद उन्होंने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने एक वीडियो जारी कर पार्टी की निष्कासन पत्र को फाड़ते हुए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। लक्ष्मण सिंह ने कहा कि जिस तरह राहुल गांधी ने मनमोहन सिंह का पत्र फाड़ा था उसी अंदाज़ में वह भी कांग्रेस से निष्कासन पत्र को फाड़ रहे हैं।

लक्ष्मण सिंह ने वीडियो में कहा कि “मैं कांग्रेस से किसी कागज के ज़रिए बाहर नहीं हो सकता। मैं कांग्रेसी था, कांग्रेसी हूं और हमेशा रहूंगा। मैंने पांच बार लोकसभा और तीन बार विधानसभा का चुनाव जीता है। मैंने हर मुश्किल घड़ी का सामना किया है।” उन्होंने राहुल गांधी के नेतृत्व पर भी सवाल उठाया और कहा कि अब पार्टी चाटुकारों के हाथ में चली गई है जो सच्चाई बर्दाश्त नहीं कर पाते।

कांग्रेस से बाहर हुए लक्ष्मण सिंह, फाड़ा निष्कासन पत्र, बोले- अब बनाऊंगा नई कांग्रेस

पदयात्रा का एलान और नई कांग्रेस की बात

लक्ष्मण सिंह ने अपने समर्थकों से कहा कि अब समय आ गया है कि झुकने और खुशामद करने वालों को छोड़ दिया जाए। उन्होंने कहा कि अगर उन्हें समझ नहीं आती तो उन्हें छोड़ो और हम सब मिलकर एक नई कांग्रेस बनाएंगे। उन्होंने ये भी ऐलान किया कि वर्षा समाप्त होने के बाद वे पदयात्रा निकालेंगे और जनता से सीधे संवाद करेंगे। लक्ष्मण सिंह ने यह भी याद दिलाया कि जब कोई भी नेता विदिशा सीट से दिवंगत सुषमा स्वराज के खिलाफ चुनाव लड़ने को तैयार नहीं था, तो वे खड़े हुए क्योंकि पार्टी ने उन्हें कहा था।

विवादित बयानों से पार्टी में नाराज़गी और छह साल का निष्कासन

लक्ष्मण सिंह पहले भी कई बार अपने बयानों से पार्टी को असहज स्थिति में डाल चुके हैं। हाल ही में उन्होंने राहुल गांधी को प्रेस कांफ्रेंस में सार्वजनिक रूप से नसीहत दी थी कि वह बोलने से पहले सोचें। इसके बाद कांग्रेस ने अनुशासनहीनता का हवाला देते हुए उन्हें छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया। अब उनके इस वीडियो और नई कांग्रेस की घोषणा ने मध्यप्रदेश की राजनीति में हलचल मचा दी है और यह साफ संकेत दे दिया है कि लक्ष्मण सिंह अब खुलकर कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ खड़े हो चुके हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Discover more from Media Auditor

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue Reading

%d