लालगांव चौकी क्षेत्र में अवैध शराब का खुला खेल! पताई मोड़ बना अड्डा, पुलिस की भूमिका पर उठे गंभीर सवाल

रीवा। जिले के गढ़ थाना अंतर्गत लालगांव चौकी क्षेत्र में अवैध शराब का कारोबार बेखौफ तरीके से फल-फूल रहा है। खासतौर पर पताई मोड़ इन दिनों अवैध शराब बिक्री का प्रमुख केंद्र बन चुका है, जहां दिन-रात खुलेआम शराब की बिक्री हो रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह पूरा खेल पुलिस की शह पर चल रहा है जिसके चलते कार्रवाई के नाम पर केवल खानापूर्ति की जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक इस अवैध कारोबार का संचालन सुधीर उर्फ गोलू तिवारी द्वारा किया जा रहा है जिसने पताई मोड़ पर एक अस्थायी दुकान के जरिए शराब की बिक्री का नेटवर्क खड़ा कर लिया है। बताया जा रहा है कि यहां न केवल देसी बल्कि अंग्रेजी शराब भी बिना किसी लाइसेंस के खुलेआम बेची जा रही है। हैरानी की बात यह है कि इस पूरे मामले की जानकारी गढ़ पुलिस और लालगांव चौकी को होने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
स्थानीय रहवासियों का कहना है कि शाम होते ही पताई मोड़ पर शराबियों का जमावड़ा लग जाता है। नशे में धुत लोग सड़क पर उत्पात मचाते हैं जिससे आम नागरिकों का निकलना मुश्किल हो जाता है। खासकर महिलाओं और स्कूल जाने वाली बच्चियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई बार छेड़छाड़ और अभद्रता की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं लेकिन शिकायत के बावजूद कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया।
ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस की मिलीभगत के बिना इस तरह का अवैध कारोबार संभव नहीं है। लोगों का कहना है कि यदि पुलिस सख्ती दिखाए तो एक दिन में यह अवैध दुकान बंद हो सकती है लेकिन ऐसा नहीं किया जा रहा है। इससे साफ जाहिर होता है कि कहीं न कहीं इस पूरे मामले में संरक्षण दिया जा रहा है।
इस मामले को लेकर क्षेत्र में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही अवैध शराब बिक्री पर रोक नहीं लगाई गई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। उनका कहना है कि यह केवल कानून व्यवस्था का मामला नहीं है बल्कि सामाजिक और नैतिक पतन का भी संकेत है जिसे समय रहते रोकना बेहद जरूरी है।
अब देखना यह होगा कि जिला प्रशासन और पुलिस विभाग इस गंभीर समस्या को कितनी गंभीरता से लेते हैं और कब तक इस अवैध कारोबार पर लगाम लगाई जाती है। फिलहाल पताई मोड़ पर चल रहा यह अवैध शराब का खेल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर बड़ा सवाल खड़ा कर रहा है।





