Crime: बेंगलुरु में पति का दिल दहला देने वाला कांड, पत्नी पर तेजाब से हमला

कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पति ने अपनी पत्नी पर तेज आवाज में गाना सुनने को लेकर हुए विवाद के बाद गुस्से में आकर तेजाब फेंक दिया। महिला का सिर और चेहरा तेजाब की चपेट में आने से झुलस गया है। उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है और लोगों में गहरा सदमा पैदा कर दिया है।
पुलिस ने बताया कि यह घटना बेंगलुरु के सिद्धहल्ली इलाके की है। 19 मई की रात को पति ने अपनी पत्नी पर तेजाब फेंका। पीड़िता पेशे से ब्यूटीशियन हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि रात करीब नौ बजे उनके पति ने शराब खरीदने के लिए पैसे मांगे थे। महिला ने पैसे देने से इनकार कर दिया। इसके बाद पति ने कहीं से पैसे जुटाकर शराब पीने चला गया। शराब पीकर घर आने के बाद उसने मोबाइल पर तेज आवाज में गाना बजाना शुरू कर दिया।
तेज आवाज पर तकरार, गुस्से में किया हमला
महिला ने अपने पति से गाना धीमा करने को कहा तो उसने मना कर दिया। इस पर दोनों के बीच तेज तकरार हुई। बहस बढ़ती गई और अचानक गुस्से में पति ने टॉयलेट साफ करने वाला तेजाब अपनी पत्नी पर फेंक दिया। तेजाब फेंकने से महिला का चेहरा और सिर झुलस गया। महिला चिल्लाने लगी तो पति मौके से फरार हो गया। शोर सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और तुरंत महिला को अस्पताल ले गए। वहां उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर किया आरोपी की तलाश शुरू
पुलिस ने इस मामले में शिकायत मिलने के बाद FIR दर्ज कर ली है। आरोपी पति अभी फरार है और उसे पकड़ने के लिए पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस ने कहा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस मामले में कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा रही है ताकि पीड़िता को न्याय मिल सके। फिलहाल महिला अस्पताल में भर्ती है और उसके स्वास्थ्य की स्थिति स्थिर बताई जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।