मध्य प्रदेश

CM मोहन यादव का बड़ा फैसला, हादसे के बाद टले जबलपुर और इंदौर के कार्यक्रम

गुरुवार को अहमदाबाद से लंदन जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट के दुर्घटनाग्रस्त होने से पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई है। हादसे में 241 लोगों की जान चली गई है जबकि 50 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हैं। यह हादसा टेकऑफ के कुछ ही समय बाद हुआ जब विमान अचानक नीचे गिर गया और भीषण विस्फोट हो गया। शवों की हालत इतनी खराब है कि उनकी पहचान कर पाना भी बेहद मुश्किल हो रहा है। इस दर्दनाक हादसे ने देश के लोगों को झकझोर कर रख दिया है और हर कोई शोक में डूबा हुआ है।

CM मोहन यादव ने अपने कार्यक्रम किए स्थगित

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस हादसे को देखते हुए शुक्रवार को जबलपुर और इंदौर में होने वाले अपने सभी कार्यक्रमों को स्थगित कर दिया है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर लिखा कि अहमदाबाद विमान हादसे में मृत यात्रियों के प्रति पूरे देश में शोक का माहौल है और इसी वजह से वह अपने निर्धारित कार्यक्रमों को स्थगित कर रहे हैं। शुक्रवार को मुख्यमंत्री लाड़ली बहन योजना के तहत लाभार्थियों के खातों में राशि ट्रांसफर करने वाले थे और इंदौर में एक खास कार्यक्रम में शामिल होने वाले थे लेकिन अब वह इनमें शामिल नहीं होंगे। हालांकि वह शुक्रवार को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग और मेट्रो प्रोजेक्ट की समीक्षा बैठक लेंगे।

CM मोहन यादव का बड़ा फैसला, हादसे के बाद टले जबलपुर और इंदौर के कार्यक्रम

BJP ने सभी कार्यक्रम किए रद्द लेकिन प्रशिक्षण कैंप रहेगा जारी

विमान हादसे की गंभीरता को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी मध्यप्रदेश ने भी शुक्रवार तक अपने सभी संगठनात्मक कार्यक्रमों को रद्द कर दिया है। पार्टी की ओर से सभी कार्यकर्ताओं और नेताओं से कहा गया है कि वे इस समय किसी भी सार्वजनिक आयोजन से बचें और मृतकों के लिए संवेदना व्यक्त करें। हालांकि 14 जून से 16 जून तक नर्मदापुरम जिले के पचमढ़ी में जो सांसदों और विधायकों का प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया है वह पहले से तय कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित किया जाएगा। इस शिविर में प्रदेश के सभी प्रमुख जनप्रतिनिधि भाग लेंगे लेकिन उसमें भी शोक संवेदनाएं व्यक्त की जाएंगी।

भोपाल-अहमदाबाद उड़ान रद्द, यात्री परेशान

इस हादसे का असर हवाई यात्रा पर भी पड़ा है। गुरुवार को इंडिगो की भोपाल से अहमदाबाद जाने वाली फ्लाइट को रद्द कर दिया गया। यह फ्लाइट दोपहर 2.20 बजे रवाना होने वाली थी जिसमें 66 यात्री सफर करने वाले थे। फ्लाइट रद्द होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कुछ यात्रियों को दिल्ली और मुंबई होकर जाने का विकल्प दिया गया जिसमें 45 लोगों ने सहमति जताई जबकि कुछ ने अपनी टिकट की राशि वापस ले ली और कुछ लोगों ने अगले दिन की फ्लाइट से जाने का निर्णय लिया। एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और लोगों में डर भी देखा गया।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Discover more from Media Auditor

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue Reading

%d