राजनीतिक

चंद्रशेखर ओवैसी गठबंधन से मायावती की बढ़ सकती है मुश्किलें

Uttar Pradesh News(Dainikmediaauditor):  उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर अभी से सियासी हलचल तेज हो गई है। असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के साथ आने से प्रदेश की राजनीति में एक नया समीकरण बनता दिखाई दे रहा है। इस गठबंधन को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी के वोट बैंक की हो रही है। खास बात यह है कि चंद्रशेखर ओवैसी गठबंधन को सपा से ज्यादा मायावती के लिए चुनौती माना जा रहा है।

दरअसल चंद्रशेखर आजाद की नजर बीएसपी के उस वोट बैंक पर है जो लंबे समय से मायावती की सबसे बड़ी ताकत रहा है। चंद्रशेखर खुद जाटव समाज से आते हैं और भीम आर्मी के जरिए उन्होंने खासकर युवाओं के बीच अपनी पहचान बनाई है। 2024 के लोकसभा चुनाव में नगीना सीट से जीत हासिल करने के बाद उनकी राजनीतिक ताकत भी बढ़ी है। अब ओवैसी के साथ आने से दलित और मुस्लिम वोटरों को एक साथ जोड़ने की कोशिश होगी।

मायावती के लिए चिंता की बात इसलिए भी है क्योंकि जाटव समाज हमेशा से बीएसपी का सबसे मजबूत वोट बैंक रहा है। कांशीराम के समय से लेकर मायावती के राजनीतिक सफर तक इस समाज ने पार्टी का खुलकर साथ दिया है। लेकिन पिछले कुछ चुनावों में यह समर्थन पहले जैसा नहीं रहा। CSDS के पोस्ट पोल सर्वे के मुताबिक 2017 में करीब 87 फीसदी जाटव वोटरों ने बीएसपी का साथ दिया था। वहीं 2022 में यह आंकड़ा घटकर करीब 65 फीसदी रह गया।

बीएसपी के चुनावी प्रदर्शन पर नजर डालें तो पार्टी का वोट शेयर भी लगातार गिरा है। 2007 में जहां बीएसपी को 30.43 फीसदी वोट मिले थे वहीं 2012 में यह 25.91 फीसदी और 2017 में 22.23 फीसदी रह गया। 2022 के विधानसभा चुनाव में पार्टी को सिर्फ 12.88 फीसदी वोट मिले। वहीं 2024 के लोकसभा चुनाव में उसका वोट शेयर घटकर 9.39 फीसदी पर पहुंच गया और पार्टी एक भी सीट नहीं जीत पाई।

ऐसे में चंद्रशेखर की युवा दलितों के बीच बढ़ती पकड़ और ओवैसी की मुस्लिम राजनीति बीएसपी के लिए नई परेशानी खड़ी कर सकती है। हालांकि यह गठबंधन चुनाव में कितना असर दिखाएगा यह आने वाला वक्त बताएगा। फिलहाल इतना साफ है कि यूपी की राजनीति में इस नई जोड़ी ने मायावती की मुश्किलें बढ़ाने वाली बहस जरूर शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button