उत्तर प्रदेश

DM ऑफिस में नमाज अदा करने वाली महिला मानसिक रूप से विक्षिप्त!

उत्तर प्रदेश के हमीरपुर में ईद के दिन एक अजीबो-गरीब मामला सामने आया, जहां एक महिला ने जिलाधिकारी (DM) कार्यालय के परिसर में ईद की नमाज अदा कर दी। इस घटना ने सभी को हैरान कर दिया। जांच में सामने आया कि महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ है और पिछले पांच सालों से उसका इलाज चल रहा है। इस मामले में लापरवाही बरतने पर जिला प्रशासन ने सात होमगार्डों को सस्पेंड कर दिया है।

वायरल वीडियो से खुलासा, नमाज के बाद खंभों को गले लगाया

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दिख रहा है कि महिला ने DM कार्यालय के दरवाजे पर नमाज अदा की और उसके बाद कार्यालय के बाहर मौजूद खंभों को गले लगाते हुए दिखी। इस घटना ने प्रशासनिक अधिकारियों को सकते में डाल दिया। पहले पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी, लेकिन बाद में महिला की पहचान मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति के रूप में हुई।

ADM ने क्या कहा?

मामले पर एडीएम विजय शंकर तिवारी ने बताया कि सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन की नींद खुली। उन्होंने कहा, “सोशल मीडिया पर जानकारी मिली कि एक महिला पोर्टिको के बाहर कुछ धार्मिक गतिविधि कर रही थी। मामले की जांच की गई और पता चला कि महिला मानसिक रूप से बीमार है। बावजूद इसके, सुरक्षा में तैनात होमगार्डों की लापरवाही को लेकर कार्रवाई की गई है।”

सुरक्षा में बड़ी चूक, सवालों के घेरे में प्रशासन

महिला के DM कार्यालय के अंदर तक पहुंचने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। बताया जा रहा है कि महिला ने सुरक्षा कर्मियों को चकमा देकर प्रवेश किया और किसी ने उसे रोकने का प्रयास नहीं किया। मामले के सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने सात होमगार्डों को तत्काल सस्पेंड कर दिया। वहीं, पुलिस महिला से पूछताछ कर रही है कि वह कार्यालय तक कैसे पहुंची। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि मामले की गहन जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button