उत्तर प्रदेशराष्ट्रीय

राहुल गांधी का फोन टैपिंग का आरोप, PM मोदी को दी आमने सामने बहस की चुनौती

India News(Dainikmediaauditor):  कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर बड़ा दावा किया है। राहुल गांधी का आरोप है कि उनका फोन टैप किया जाता है और उनके बारे में मिलने वाली जानकारियों के पीछे यही वजह है। इंस्टाग्राम पर एक यूजर के सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने अपने मोबाइल की तरफ इशारा किया और कहा कि इससे जुड़े सारे सबूत इसी फोन में मौजूद हैं।

दरअसल एक इंस्टाग्राम यूजर ने राहुल गांधी से पूछा था कि प्रधानमंत्री मोदी कहते हैं कि उन्हें विदेशी मदद मिल रही है जबकि राहुल गांधी आरोप लगाते हैं कि प्रधानमंत्री विदेशी ताकतों के नियंत्रण में हैं। यूजर ने इस दावे का सबूत भी मांगा था।

इस पर राहुल गांधी ने कहा कि उन्हें पता है कि प्रधानमंत्री को उनके बारे में जानकारी कहां से मिलती है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनका फोन टैप होता है और इसी वजह से उनके बारे में कई जानकारियां सरकार तक पहुंचती हैं। हालांकि इस दावे को लेकर उन्होंने कोई तकनीकी सबूत सार्वजनिक नहीं किया है।

राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी को आमने सामने बहस करने की चुनौती भी दी। उन्होंने कहा कि वह किसी भी मंच पर प्रधानमंत्री के साथ सीधी बहस करने को तैयार हैं। भाजपा चाहे तो अपनी पसंद का कोई भी व्यक्ति जज बना सकती है। राहुल ने अडानी और आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत का नाम भी लेते हुए कहा कि उन्हें भी जज बनाया जा सकता है।

कांग्रेस नेता ने दावा किया कि अगर प्रधानमंत्री उनके साथ बहस करने के लिए तैयार होते हैं तो कई ऐसी बातें सामने आएंगी जिनका जवाब देना आसान नहीं होगा। उन्होंने यह भी कहा कि इस बहस के बाद नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री नहीं रह पाएंगे।

राहुल गांधी इससे पहले भी कई बार प्रधानमंत्री को बहस की चुनौती दे चुके हैं। साल 2019 में उन्होंने राफेल सौदे और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर 15 मिनट की बहस करने की बात कही थी। वहीं 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान भी उन्होंने सार्वजनिक बहस का न्योता स्वीकार किया था।

फिलहाल राहुल गांधी के इस बयान ने एक बार फिर सियासी माहौल गर्म कर दिया है। अब देखना होगा कि भाजपा की तरफ से उनके आरोपों और बहस की चुनौती पर क्या जवाब आता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button